आंधी और पानी के चलते शुक्रवार रात करीब तीन बजे तीन चौथाई हिस्से की बिजली गुल हो गई। इससे हजरतगंज, चारबाग, अलीगंज, गोमतीनगर एवं इंदिरानगर सहित अन्य इलाकों के 25 लाख लोगों को बिजली संकट से रूबरू होना पड़ा।
बिजली आपूर्ति को सामान्य होने में 8 से 16 घंटे तक का वक्त लगा। बावजूद इसके शनिवार शाम तक कई इलाकों में संकट बना हुआ था। इसके साथ ही कैसरबाग में सड़क पर भरे बारिश के पानी में करंट उसने के चलते फीडर को पूरी रात रखा गया।
पुराना शहर : गऊघाट उपकेंद्र 8 घंटे ठप
पुराने शहर में गऊघाट उपकेंद्र से जुड़े इलाके सबसे ज्यादा चपेट में आए। यहां शुक्रवार रात 4:30 बजे 33 केवी लाइन ठप हो गई। इसके कारण 11 केवी फीडर दोपहर दो बजे तक सामान्य नहीं हो सके।
सराय माली खां व ठाकुरगंज फीडर दोपहर 2:30 बजे चालू हो सके। इसके अतिरिक्त चौक, चौपटिया, ठाकुरगंज, नक्खास, अकबरी गेट, ऐशबाग, बाजार खाला, ओल्ड लेबर कॉलोनी, हैदरगंज एवं यहियागंज इलाकों में 11 केवी फीडर की डिश पंचर होने एवं एलटी लाइन के तार टूटने के कारण बिजली ठप हुई।
नादान महल रोड उपकेंद्र के पुलगामा में ट्रांसफार्मर फुंकने से शाम तक संकट रहा। चौक के सोंधी टोला में शुक्रवार रात दो बजे से शनिवार शाम 6 बजे तक बिजली गायब रही। वहीं, बालाघाट उपकेंद्र पर शनिवार रात लोगों ने फुंका ट्रांसफार्मर न बदलने के विरोध में प्रदर्शन किया।
गोमतीनगर : लाइन पर गिरीं होर्डिंग्स
गोमतीनगर एवं इंदिरानगर के अधिकतर इलाकों में शनिवार तड़के बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से एलटी लाइन के टूटने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है। विशाल खंड स्थित सीएमएस के पास रात 3:45 बजे आंधी के कारण होर्डिंग्स के एलटी लाइन पर गिरने के कारण फेज टू फेज होने से हाई वॉल्टेज हो गया।
इसके कारण लोकायुक्त न्यायमूर्ति एनके मेहरोत्रा सहित 20 से अधिक घरों मेें इनवर्टर, टूल्लू पंप, सीएफएल एवं मोटर सहित अन्य उपकरण फुंक गए।
विशेष खंड में 11 केवी लाइन पर पेड़ गिरने के कारण दोपहर एक बजे तक बिजली संकट रहा। विश्वास खंड, विपिन खंड, विभूतिखंड में भी समस्या रही। जबकि इंदिरानगर के सेक्टर 8 से 16 तक के इलाके की बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी।
राजाजीपुरम : लाइन पर गिरा पेड़
राजाजीपुरम कॉलोनी के ‘एफ’ ब्लाक में शुक्रवार रात 2:45 बजे 11 केवी लाइन पर पेड़ गिर गया। इस दौरान ट्रांसफार्मर तो बच गया लेकिन पेटी क्षतिग्रस्त हो गई। दोपहर तीन बजे के बाद इलाके में आपूर्ति सामान्य हो सकी।
वहीं कॉलोनी के अन्य हिस्से में एलटी तार टूटने एवं लोकल खराबी से भी दिक्कत रही। आलमबाग में भी 33 केवी की आपूर्ति ठप होने के कारण कानपुर रोड, आलमबाग, रामनगर, पूरननगर, चंदरनगर, जेल रोड, नटखेड़ा, श्यामनगर, कृष्णानगर, एलडीए और कानपुर रोड भी संकट की चपेट में रहे।
विकासनगर : रात भर पसरा रहा अंधेरा
विकासनगर में शुक्रवार शाम 7 बजे से शुरू हुई बिजली की समस्या 24 घंटे के बाद भी सामान्य नहीं हो सकी। सेक्टर 2, 4 और 11 में सबसे अधिक दिक्कत रही। इससे लोगों को जलापूर्ति संकट का भी सामना करना पड़ा।
जीएसआई उपकेंद्र के अलीगंज महायोजना, सीतापुर रोड, मड़ियांव में ट्रांसफार्मर जलने एवं तारों के टूटने की घटनाएं र्हुइं। जानकीपुरम, गुड़ंबा रोड एवं कल्याणपुर के इलाकों में संकट रहा।
सबसे अधिक दिक्कत सेक्टर 25 इंदिरानगर उपकेंद्र से जुड़े इलाके के लोगों को हुई। यहां जेसीबी से खोदाई के दौरान तीन पोल की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे देर शाम तक सही नहीं किया जा सका था।
अमीनाबाद : 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जला
अमीनाबाद उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में भी लोकल फॉल्ट के चलते दिक्कत हुई। इनमें नजीराबाद, मौलवीगंज, लाटूश रोड, गुईन रोड, पुल झाऊ लाल, रकाबगंज एवं गणेशगंज इलाके प्रमुख रहे।
ग्रामीण इलाके भी हुए प्रभावित
बिजली संकट की चपेट मोहनलालगंज, गोर्साईगंज, निगोंहा, सरोजनीनगर, बंथरा, चिनहट, बीकेटी, इटौंजा, माल, मलिहाबाद एवं काकोरी के गांव भी आए। अधिकतर जगहों पर बिजली लाइन पर पेड़ गिरने की घटनाएं हुई।