बिजली संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। बढ़ती गर्मी में लगातार चार दिनों से बिजली कटौती से परेशान आलमबाग निवासियों का गुस्सा मंगलवार आधी रात को फूट पड़ा।
बिजली की मांग को लेकर वह चंदरनगर उपकेंद्र पहुंचे। यहां उनकी समस्याएं सुनी जाने के बजाय पहले से तैनात पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर धुन दिया।
प्रदर्शनकारियो ने आलमबाग चौराहे पर जाम लगाया तब पुलिस ने लाठी लेकर 100-100 मीटर खदेड़ा। मंगलवार की रात करीब 11 बजे से बंद हुई बिजली भी तड़के चार बजे चालू हो सकी।
मंगलवार रात करीब पौने बारह बजे 220 केवी सरोजनीनगर उपकेंद्र से आने वाली लेसा वन की 33 केवी लाइन के आउटगोइंग बॉक्स में खराबी आ गई, इसके कारण चंदरनगर और रेलवे पावर हाउस उपकेंद्र ठप होने से 20 हजार से अधिक घरों में अंधेरा हो गया।
इससे पहले रात 9:22 बजे से बिजली कटौती चल रही थी। प्रचंड गर्मी में रात एक बजे तक बिजली नहीं आई तो 50-60 लोगों ने चंदरनगर पर धावा बोलकर घेराव कर लिया।
इलाकाई इंजीनियरों को बवाल होने की पहले ही आशंका थी, इसके मद्देनजर आलमबाग कोतवाली पुलिस सुरक्षा के लिए पहले से मुस्तैद थी।
प्रदर्शनकारियों ने उपकेंद्र में घुसने का प्रयास किया तो पुलिस ने लाठी दिखाकर खदेड़ दिया। आधे घंटे के बाद 200-250 लोग दोबारा सामूहिक रूप से धावा बोला और उपकेंद्र में घुसकर मेज-कुर्सी पलट कर तोड़फोड़ की कोशिश की।
इस पर पुलिस ने एक-एक प्रदर्शनकारी को दौड़ा-दौड़ा खूब धुनाई की। इस लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारी चोटिल हुए।
रात 2:30 बजे खराब आउटगोइंग बॉक्स मिला जिसको बदलकर रात 3:22 बजे बिजली चालू की। वहीं प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनको सप्लाई चार बजे के बाद मिलना शुरू हुई।
इनकी बत्ती गुल
आदर्शनगर, सुजानपुरा, पटेलनगर, छोटा बरहा, बड़ा बरहा, आजादनगर, चित्रगुप्तनगर, पूरननगर, आनंदनगर, श्रृंगारनगर, स्नेहनगर, अर्जुननगर, शांतीनगर, पवनपुरी, नटखेड़ा रोड, गीतापल्ली, रामनगर, तालकटोरा रोड, रेलवे कॉलोनी।
इनसे करें शिकायत
वृंदावन कॉलोनी, एल्डिको, आशियाना, रुचिखंड, रजनीखंड, रतन खंड, रक्षा खंड, एलडीए कानपुर रोड, कृष्णानगर, ट्रांसपोर्टनगर, मानसरोवर, आलमबाग क्षेत्र में बिजली न आए तो नए बने सर्किल के क्षेत्रीय अधीक्षण अभियंता चंदवीर सिंह गौतम के सरकारी मोबाइल नंबर 9415901397 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।