ऊर्जा मंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी में बेवजह कटौती की शिकायतें मिलना गंभीर मामला है। किसी कारणवश आपूर्ति बाधित हो रही है तो इसकी जानकारी जनता, मीडिया तथा जनप्रतिनिधियों को जरूर दें। जान-बूझकर गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्ट अफसरों की विजिलेंस से जांच कराएं
ऊर्जा मंत्री ने प्रमुख सचिव ऊर्जा व पावर कॉर्पोरेशन के चेयरमैन को निर्देश दिए कि जिनके खिलाफ भ्रष्टाचार व व्यवस्था में व्यवधान पैदा करने की शिकायतें हों, विजिलेंस टीम के साथ उनकी संपत्ति की जांच कराएं, जिससे इनकी 15-20 वर्ष की काली कमाई का पर्दाफाश हो सके।
40 अभियंताओं पर होगी कार्रवाई
ऊर्जा मंत्री ने भंडारगृहों में ब्लैकलिस्टेड कंपनियों के समान जांचने वाले 40 अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इनमें पश्चिमांचल के 15, दक्षिणांचल के 12, पूर्वांचल के नौ और मध्यांचल के चार इंजीनियर शामिल हैं।
ऊर्जा मंत्री ने शिकायत मिलने पर हरदोई के स्टोर की विशेष आडिट करने के साथ अवैध कनेक्शन, निजी ट्यूबवेल, ट्रांसफार्मर की स्थिति की जांच कराने को कहा है। काम में लापरवाही पर बरेली के मुख्य अभियंता को चेतावनी दी गई।
उन्होंने कहा कि सभी महानगरों में ऊर्जा मित्रों के कार्यों की जांच करें, महानगरों में ट्रांसफार्मरों की मीटरिंग और बर्निंग रेट कम करने के लिए केस्को मॉडल अपनाने को कहा है। मंत्री ने प्रयागराज की शिकायतों का समय पर समाधान न होने पर एसडीओ एवं अधिशासी अभियंता पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
ज्यादा ट्रांसफार्मर फुंकने पर प्रयागराज के उपखंड अधिकारियों के खिलाफ चेतावनी जारी करने व प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा लापरवाही पर एई वर्कशॉप के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। प्रयागराज के मुख्य अभियंता को भी चेतावनी दी गई है।