बिजली कनेक्शन काटता इलेक्ट्रिशियन व शिकायत करती महिला।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में ग्रामीणों को घरों में शौचालय न बनवाना महंगा पड़ गया। इससे भड़के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अजय प्रताप सिंह ने करीब 40 ग्रामीणों के विद्युत कनेक्शन जबरन कटवा दिए। साथ ही इनके राशन कार्ड निरस्त कराने की बात भी कही।
हालांकि विद्युत कनेक्शन कटवाने पहुंचे बीडीओ का ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों के मुताबिक टीम के साथ नूरनगर भदरसा पहुंचे बीडीओ ने ग्रामीणों से शौचालय बनवाने को कहा। ग्रामीणों के असमर्थता जताने पर भड़क बीडीओ ने मौके पर पुलिस बुला ली।
बाद में गहरू पावर हाउस से सप्लाई ठप करवाकर रमेश यादव, मुन्ना कश्यप, राम मिलन, विनोद कनौजिया, प्रेम यादव, रिंकू यादव, राकेश यादव, रामदेव, शमशेर, हरिपाल, छंगालाल, दशरथ, शिव प्रसाद व कश्मीरा सहित तीन दर्जन ग्रामीणों के कनेक्शन टीम में मौजूद एक व्यक्ति से जबरन कटवा दिए।