लखनऊ। घंटाघर उपकेंद्र के तहत छोटा इमामबाड़ा, हुसैनाबाद सहित आसपास इलाकों के 200 परिवार और 100 दुकानदार 23 घंटे तक बिजली-पानी के लिए तरस गए। यहां शनिवार रात 11 से रविवार शाम 6 बजे तक आपूर्ति ठप रही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसके पहले शुक्रवार सुबह छह से रात 8 बजे तक भी बिजली गायब रही थी। आरोप है कि यह बिजली संकट इलाके के तत्कालीन एक्सईएन, एसडीओ व वर्तमान जेई की लापरवाही से हुआ। इन जिम्मेदारों ने गर्मी से पहले एबीसी के नए सर्किट बनाए होते तो शायद भीषण गर्मी में बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गाें को बेहाल न होना पड़ता।
रामगंज के निवासी अमन, सुमित आदि ने बताया कि शुक्रवार सुबह से लेकर शनिवार रात तक कई बार एबीसी जलने व फॉल्ट के कारण बिजली बंद हुई। रविवार को दिन में नई एबीसी सर्किट बनाने के लिए 400 व 630 केवीए के ट्रांसफार्मर की बिजली बंद की गई। गर्मी-उमस से परेशान दुकानदारों ने दुकानों के शटर तक नहीं खोले। लोगों ने बताया कि मुहर्रम के वक्त पर परिवारों को बहुत परेशानी हुई। परिवारों को पार्क में बैठकर रात को काटनी पड़ी। उधर, चौक के एक्सईएन आनंद प्रकाश वर्मा ने बताया कि यूनिटी कॉलेज के पास से बीते तीन दिन से एबीसी जलने कारण बिजली आपूर्ति में बाधा आ रही थी। रविवार को एक अतिरिक्त सर्किट बनाकर शाम छह बजे बिजली चालू की गई।
अमीनाबाद में दो जगह केबल में लगी आग
रविवार दिन में अमीनाबाद के दो अलग-अलग इलाकों में केबल में आग लगने के कारण एक-एक घंटे तक लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा। पहली घटना लइया वाली गली और नाज सिनेमा के पास तथा दूसरी चिकमंडी, हाता हैदर मिर्जा रोड पर हुई। इससे करीब 200 उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
न्यू डिफेंस कॉलोनी में रात भर लो वोल्टेज
तेलीबाग। रायबरेली रोड पर स्थित न्यू डिफेंस कॉलोनी में शनिवार रात 12 बजे अचानक वोल्टेज लो हो गया। इससे घरों के पंखे भी सिर्फ हिलते रहे जिससे लोग परेशान हो गए। कॉलोनी के त्रिलोकी सिंह ने बताया कि रात में ही शिकायत की गई लेकिन रविवार दोपहर 12 बजे समस्या का समाधान हुआ। इसके अलावा साउथ सिटी के सी ब्लॉक में रविवार दोपहर ट्रांसफार्मर की पेटी बदलने के कारण लगभग ढाई घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। दोपहर 2 बजे कटी बिजली शाम 4:30 बजे के बाद आई। उतरेटिया गांव में शनिवार रात देर रात एक बजे केबल में आग लगने से इलाके की आपूर्ति बाधित हुई जो सुबह 6 बजे के बाद बहाल हो सकी। लोग पूरी रात गर्मी के कारण सो नहीं सके। इस तरह बलदेव विहार में रात एक बजे बिजली गुल हुई जो दो घंटे के बाद आई।
ट्रांसफार्मर में लगी आग, बड़ा हादसा टला
माल। जेहटा मार्ग पर मुसरियन खेड़ा के पास स्थित 25 केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार को अचानक जलने लगा। आग की चपेट में आकर पास में खड़ी किसान की बाइक भी जल गयी। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आदमपुर निवासी किसान चंदर के मुताबिक वह अपनी बाइक खड़ी कर काम से गये थे। अचानक ट्रांसफार्मर से आग की लपटें निकलने लगीं जिसमें उनकी बाइक भी जल गई। अवर अभियंता राजकुमार ने बताया कि किसान के नलकूप के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर का तार टूट कर गिर जाने से आग लगी है। ट्रांसफार्मर को कोई खास क्षति नहीं पहुंची है। तार को ठीक कर दिया गया है।
मुसरियन खेड़ा के पास ट्रांसफार्मर में लगी और कल्याणपुर उपकेंद्र की बिजली चालू करता कर्मचारी। - फोटो : संवाद