लखनऊ में सोमवार को कोरोना वायरस के मामले में हालात राहत भरे रहे। नई बस्ती में रविवार को लिए गए सभी सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। अब कैसरबाग पर निगाहें टिकी हैं, अभी यहां के सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।
सोमवार को विभिन्न इलाके के करीब 95 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। राजधानी में तीन दिन से लगातार मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी था। एक मई को सात, दो मई को 8 और तीन मई को 4 मरीज मिले।
इन मरीजों के मिलने के बाद कैसरबाग, नई बस्ती फूलबाग सहित कई इलाके हॉटस्पॉट के दायरे में आ गए थे। इन इलाकों में मिले मरीजों के परिजनों सहित 10 से 15 लोगों के सैंपल लिए गए थे।
तीन दिन के अंदर लिए गए करीब 400 सैंपल की जांच रिपोर्ट आ गई है। इसमें अभी तक कोई मरीज पॉजिटिव नहीं पाया गया। करीब 100 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
दो की रिपोर्ट दोबारा पॉजिटिव
नई बस्ती में पॉजिटिव मिली नर्स की बहन और उसी के मकान की 13 साल की बच्ची से जुड़े लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। अब कैसरबाग के सब्जी विक्रेता और किराना कारोबारी के अलावा खरगापुर और सरफराजगंज के लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
सोमवार सुबह एक महिला समेत दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी जो दूसरी जांच रिपोर्ट थी। यह दोनों मरीज पहले से ही पॉजिटिव है और क्वॉरंटीन में हैं।
60 हैं मरीजों के संपर्क वाले
राजधानी में सोमवार को 95 लोगों के सैंपल लिए गए। इसमें करीब 60 ऐसे लोग हैं जो किसी न किसी रूप में अब तक पॉजिटिव पाए गए मरीजों के सीधे संपर्क में आने वाले है। इसमें कैसरबाग, खरगापुर और नक्खास क्षेत्र के हैं। करीब 35 सैंपल विभिन्न इलाकों में स्क्रीनिंग के दौरान लक्षण वाले मरीजों के लिए गए हैं।
दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव होने की चर्चा
राजधानी में निजी लैब से जांच कराने वाले दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की चर्चा है। यह दोनों मरीज निजी अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी होने से इन्कार किया है।
अधिकारियों का कहना है कि अभी तक विभाग में इस संबंध में जानकारी नहीं मिली है। यदि सूचना मिलती है तो संबंधित मरीज की दोबारा जांच कराई जाएगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
स्थिति देखकर लिए जाएंगे सैंपल
पिछले तीन दिन के अंदर ज्यादातर इलाकों में एक-एक मरीज पाए गए हैं। उनके डायरेक्ट कॉन्टेक्ट वालों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे जिसमें ज्यादातर की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कुछ लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है, उस रिपोर्ट के आने के बाद स्थिति के अनुसार आगे सैंपल लिए जाएंगे।। - डॉ. नरेंद्र अग्रवाल, सीएमओ