लखनऊ। राजधानी के राजकीय, अनुदानित और पीपीपी मॉडल पॉलीटेक्निक कॉलेजों में सोमवार से डिप्लोमा इंजीनियरिंग की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हुईं। दो पाली में आयोजित परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई। प्रवेश पत्र के अलावा पर्स या किसी भी तरह के कागज ले जाने पर पाबंदी रही। चेकिंग के दौरान कुछ अभ्यर्थियों के पास कागज मिले, जिन्हें बाहर रखवाने के बाद परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई।
प्राविधिक शिक्षा परिषद के संयुक्त सचिव विजय पाल ने बताया कि सघन चेकिंग के लिए जिला और कॉलेज स्तर पर कई टीमें तैनात रहीं। ऑनलाइन पेपर से नकल की संभावना बेहद कम रही। हीवेट पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य कुंदन सिंह के मुताबिक, दो पाली में आयोजित परीक्षा में एक हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए। राजकीय महिला पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिषद के कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जा रही है। मंगलवार को भी परीक्षा आयोजित होगी।