प्राविधिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित पॉलीटेक्निक के प्रथम वर्ष की परीक्षा में एप्लाइड फिजिक्स का पेपर आउट हो गया, जिसके पर शासन ने इस प्रश्नपत्र की परीक्षा को रद्द करने का निर्देश दिया है। वहीं, मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का भी गठन कर दिया है।
पेपर लीक हो जाने से सुबह होते-होते यह पेपर वॉट्सएप पर भी वायरल हो गया था, लेकिन प्राविधिक शिक्षा परिषद के अधिकारी यह मानने को तैयार नहीं थे। बाद में परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले दोपहर एक बजे परिषद के सचिव एसके सिंह ने पेपर कैंसिल करने की घोषणा की।
इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों से प्रश्न पत्र के पैकेट परिषद कार्यालय भेजने के निर्देश जारी कर दिए गए। सूबे में कुल 260 केंद्रों पर 16 अप्रैल से पॉलीटेक्निक की परीक्षाएं हो रही हैं। इसके तहत शुक्रवार को फर्स्ट ईयर में एप्लाइड फिजिक्स का पेपर था। परीक्षा दोपहर दो बजे से शुरू होनी थी, लेकिन बृहस्पतिवार रात से ही पेपर लीक होने की बात चलने लगी।
गोरखपुर से पेपर लीक होने की आशंका
पॉलीटेक्निक प्रथम वर्ष का पेपर गोरखपुर से लीक होने की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद ही वाट्सएप के जरिये यह पेपर शुक्रवार सवेरे तक पूरे प्रदेश में पहुंच गया।