फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: दिवाली की रात हवा में सात गुना ज्यादा प्रदूषण, शोर भी बढ़ा

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। दिवाली की रात शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर मानक से सात गुना अधिक हो गया। भारतीय विषविज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईआईटीआर) की रिपोर्ट के अनुसार आठ नवंबर को पीएम 10 का औसत स्तर 726.2 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज हुआ। यह पिछले 10 वर्षों में 2018 के बाद दिवाली की रात का सर्वाधिक स्तर है।
विज्ञापन

संस्थान ने सात से नौ नवंबर तक चार इलाकों अलीगंज, विकासनगर, अमीनाबाद और चौक में निगरानी की। इसमें अलीगंज सबसे अधिक प्रदूषित रहा। यहां पीएम 10 का स्तर 912 और पीएम 2.5 का स्तर 558 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गया। चौक में पीएम 10- 751, अमीनाबाद में 642 और विकासनगर में 599 रहा। पीएम 2.5 का स्तर भी सभी स्थानों पर निर्धारित 60 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर की सीमा से कई गुना अधिक था।
आईआईटीआर के आंकड़ों से पता चला कि 2018 में पीएम 10 का स्तर 990 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर था। इसके बाद प्रदूषण घटा और 2022 में 396 तक आ गया था। हालांकि 2022 के बाद से प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने लगा है। वर्ष 2025 में पीएम 10 का औसत स्तर 565 था जो इस दिवाली पर बढ़कर 726.2 हो गया। इस प्रकार, 2025 के मुकाबले इस दिवाली पर पीएम 10 में 28.5 फीसदी का उछाल आया। पीएम 2.5 के स्तर में भी पिछले साल के मुकाबले 13.5 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। साल 2022 तक लखनऊ में प्रदूषण में कमी का जो रुझान दिखा था वह अब पलटता नजर आ रहा है।
विज्ञापन




चार साल का दिवाली पर पीएम10 का स्तर

वर्ष - पीएम10 (माइक्रोग्राम/घनमीटर)

2022- 396

2023 - 464

2024 - 451

2025 - 565

2026 - 726.2

खास बात: चार साल में पीएम 10 का स्तर 396 से बढ़कर 726.2 हो गया। यानी करीब 83.4 प्रतिशत का उछाल आया।

-

अगले दिन भी रहा वायु प्रदूषण

आतिशबाजी थमने के बाद अगले दिन भी हवा प्रदूषित रही। नौ नवंबर की रात पीएम 10 का औसत स्तर 300.1 और पीएम 2.5 का स्तर 143.4 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा। दोनों ही निर्धारित मानकों से अधिक थे। पटाखों के कारण गैसीय प्रदूषण में भी वृद्धि हुई। नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2) का औसत स्तर 113.8 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर पहुंच गया। यह निर्धारित मानक 80 माइक्रोग्राम से अधिक था और दिवाली से पहले की रात के मुकाबले 136.1 फीसदी ज्यादा रहा। वहीं सल्फर डाइऑक्साइड (SO2) का औसत स्तर बढ़ने के बावजूद 80 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर की सीमा के भीतर रहा।

-
बॉक्स - चार इलाकों में प्रदूषण का स्तर

निगरानी स्थल पीएम10 पीएम2.5
अलीगंज
912
558

चौक
751
316

अमीनाबाद 642
435

विकासनगर
599
292

- मानक: पीएम10 100 और पीएम2.5 60 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर।

नोट: सभी आंकड़े दीपावली की रात के माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर में हैं।


शोर ने भी पार की सीमा, विकासनगर में 90.3 डेसीबल रहा
दिवाली पर आतिशबाजी से ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ा। चारों स्थानों पर दिवाली की रात औसत ध्वनि स्तर 86.8 डेसीबल दर्ज किया गया। विकासनगर में यह सबसे अधिक 90.3 डेसीबल तक पहुंच गया। अमीनाबाद में 86.5, अलीगंज में 85.3 और चौक में 85.2 डेसीबल दर्ज किया गया। आवासीय क्षेत्रों में रात के समय ध्वनि की निर्धारित सीमा 45 डेसीबल है। ऐसे में सभी निगरानी स्थलों पर शोर का स्तर तय सीमा से काफी अधिक रहा।
-
यह सर्वे आईआईटीआर के निदेशक डॉ. भास्कर नारायण के नेतृत्व में संस्थान की पर्यावरण निगरानी प्रयोगशाला और फेस्ट प्रभाग की टीम ने किया। इसमें वैज्ञानिक डॉ. अभय राज, डॉ. बी. श्रीकांत, तकनीकी कर्मचारी प्रदीप शुक्ला, सुशील कुमार सरोज, चंद्र प्रकाश आदि रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें