अगर आप को लगता है कि आप वीआईपी इलाके में रह रहे हैं तो आपके घर सप्लाई में आने वाला पानी साफ ही होगा, लेकिन ऐसा है नहीं। स्वास्थ्य विभाग की हालिया रिपोर्ट देखकर आप चौंक सकते हैं।
विभाग की ओर से की गई पानी की सैंपलिंग में हजरतगंज, इंदिरानगर व अलीगंज जैसे वीआईपी इलाकों में पानी के ज्यादातर नमूने जांच में फेल पाए गए हैं। वहीं खदरा और चौक समेत पुराने लखनऊ के इलाकों का पानी सैंपलिंग में पास पाया गया।
जांच में हजरतगंज, इंदिरानगर व आसपास से लिया गया पानी का सैंपल जांच में फेल पाया गया। 27 मई को सेक्टर-21 और 31 मई की जांच में इंदिरानगर स्थित लक्ष्मणपुरी व नारायण नगर का नमूना भी फेल निकला।
3 जून की जांच में इंदिरानगर के सेक्टर-10 से लिया गया सैंपल भी फेल हो गया। वहीं 5 जून को लिए गए 14 सैंपल में मीराबाई मार्ग हजरतगंज, डालीबाग के निकट सर्विस स्टेशन में पानी के नमूने फेल हो गए थे।
इसके अलावा जवाहर भवन, पेपर मिल निशातगंज, अलीगंज एलएन पैंगले व अलीगंज स्टेट बैंक कॉलोनी, जियामऊ, रहमान खंड लाटूश रोड व मुस्लिम मुसाफिरखाना चारबाग, छोटू पूड़ी भंडार हुसैनगंज व राजेंद्रनगर मिनी ट्यूबवेल का पानी जांच में फेल पाया गया।