लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के पल्मोनरी एंड क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष प्रो. वेद प्रकाश के मुताबिक भारत में हर वर्ष करीब 16 लाख मौतें वायु प्रदूषण की वजह से हो रही हैं। वे विभाग में बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले तीन दिवसीय इंडियन कॉलेज ऑफ एलर्जी, अस्थमा एंड एप्लाइड इम्यूनोलॉजी सम्मेलन की प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।
प्रो. वेद ने बताया कि एलर्जी बड़ी समस्या बनकर उभर रही है। विश्व एलर्जी संगठन के मुताबिक पूरे विश्व में 30-40 प्रतिशत लोग किसी न किसी प्रकार की एलर्जी से पीड़ित हैं। प्रदूषण व खानपान इसमें बड़ी भूमिका निभा रहा है। इन बीमारियों के इलाज पर हर वर्ष करीब चार हजार करोड़ रुपये खर्च होते हैं।
इंडियन कॉलेज ऑफ एलर्जी, अस्थमा एंड एप्लाइड इम्यूनोलॉजी संगठन इन समस्याओं की पहचान व इलाज पर काम करता है। इस वर्ष सम्मेलन विभाग के सहयोग से हो रहा है। इसमें देशभर के स्वास्थ्य सेवा के पेशेवर, शोधकर्ता और शिक्षाविद एलर्जी निदान, अस्थमा प्रबंधन, इम्यूनोथेरेपी और बायोलॉजिक्स में नवीनतम प्रगति पर विचार-विमर्श करेंगे। सम्मेलन का उद्धाटन 30 अक्तूबर की शाम शताब्दी फेज-2 के आठवें तल पर स्थित सभागार में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे।