संतकबीरनगर में हमारा पहला पड़ाव खलीलाबाद का पैंड़ी गांव रहा। यहां मिले जुनैद अहमद कहते हैं, चुनाव में किस दल के प्रत्याशी को जीत मिलेगी, यह तो नहीं पता, लेकिन क्षेत्र में भाजपा व सपा का ज्यादा जोर दिख रहा है। चोरहा गांव के औरंगजेब ने भी हां में हां मिलाई। अलबत्ता औरंगजेब यह भी जोड़ते हैं, जो लोग बसपा को कमतर आंक रहे हैं, वे गलत हैं। मगहर पुलिस चौकी के पास एक दुकान पर चुनावी चर्चा चल रही थी। यहीं मिले रसूलपुर के देवेंद्र सिंह कहते हैं, कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन बंद सूती मिल चालू नहीं हुई। बयारा निवासी कक्कू चौहान ने कहा, बात चाहे जो कहें, अभी तो महंगाई और बेरोजगारी ही सबसे बड़ा मुद्दा है। मोहम्मदपुर कठार के राधेश्याम यादव ने कहा कि गोरखपुर को जोड़ने वाली सड़क भी बदहाल है। पर, यह सब कहां मुद्दा बनता है?
मेंहदावल, धनघटा (सु.) : विकास के मुद्दे पर बंटे हुए हैं मतदाता
मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र का मिजाज जानने के लिए हम बखिरा पुलिस चौकी के पास के एक रेस्टोरेंट पर पहुंचे। यहां मिले सूर्यलाल चुनावी चर्चा छिड़ते ही भड़क उठे। वे बोले, सपा हो, बसपा हो या फिर भाजपा, सभी एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। अमरनाथ गुप्ता ने कहा, हमारे इलाके में तो फिलहाल भाजपा व सपा की ही ज्यादा चर्चा है। शंभू गुप्ता कहते हैं, आईटीआई, नर्सिंग कॉलेज, सड़क, नाली, बिजली के क्षेत्र में अच्छा काम हुआ है। तो नरेंद्र सिंह और अशोक पाठक ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाकर उनकी घेरेबंदी शुरू कर दी। नंदलाल गुप्ता व बह्मानंद कहते हैं, जहां जाति और धर्म के नाम पर ही वोट पड़ता हो, वहां विकास हो भी तो कैसे? धनघटा विधानसभा क्षेत्र का मिजाज जानने के लिए हम तहसील परिसर की कैंटीन में पहुंच गए। चुनावी चर्चा चली तो दौलतपुर के राम सिंगार बोल पड़े, इस बार भाजपा, सपा व बसपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है।
कपिलवस्तु, बांसी :सवालों और जवाबों में काम-काज
हम कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के बर्डपुर में रुके तो बिशुनपुर के केसरी पांडेय व दुबरीपुर के ओंकार यादव स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करते मिले। चुनावी माहौल के सवाल पर वे बोले, अबकी बार लड़ाई तगड़ी है। बर्डपुर निवासी मंतोष कुमार व सुल्तानपुर निवासी धर्मेंद्र चौबे ने मुख्य सड़क के निर्माण, स्वास्थ्य सुविधा बेहतर होने का हवाला देते हुए सरकार के कामों की तारीफ की। दुबरीपुर निवासी ओंकार यादव ने जवाबी हमला बोला-गांवों की सड़कों की हालत भी देख लो। बांसी की बात करें तो यह विधानसभा क्षेत्र स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह का है। क्षेत्र के तिलक इंटर कॉलेज के सामने की दुकान पर चुनावी बहस छिड़ी मिली। नरकटहा के संतोष ने कहा, सड़कों का निर्माण तो हुआ, लेकिन सही ढंग से देखरेख नहीं हो सकी। राजू वर्मा ने बिजली आपूर्ति को ऐतिहासिक बताया। वर्मा कहते हैं, इसका फायदा भाजपा को मिल सकता है। कोइरीडीहा के रविंद्र नाथ ने कहा कि खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। खोजीपुर के विष्णु चौरसिया, सूर्यकुड़िया के ज्ञानदास ने कहा, इस बार हम मुद्दों पर ही वोट देंगे।
डुमरियागंज, इटवा, शोहरतगढ़ : सबको अपने पैमाने पर परख रहे लोग
डुमरियागंज में मिले कसीम रिजवी, अवधेश चौधरी, नितिन त्रिपाठी, वंशी अग्रहरि चुनावी माहौल की चर्चा छिड़ते ही कहते हैं, भाजपा और सपा ने ज्यादा जोर लगा रखा है। कैश खान और अतीकुर्रहमान ने कहा कि क्षेत्र की सड़कें खराब हैं। भड़रिया चौराहे पर बैठे मिले रजीउद्दीन, कपिल चौधरी, महेंद्र, वहीद, शाकिर, राजाराम, मुन्नू, परवेज मलिक ने कहा कि चुनाव आते-आते ध्रुवीकरण की राजनीति हावी होती जा रही है। इटवा विधानसभा क्षेत्र के गनवरिया में अलाव तापतेे मिले राम निवास उपाध्याय कहते हैं, तीर्थ स्थलों के विकास से लोगों में खुशी है। पोखरभिटवा के सुग्रीव यादव व बाबूलाल इस बहस में कूद पड़े। वे कहते हैं, इस सरकार में पिछड़ों को कोई तवज्जो नहीं मिली। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मधवापुर निवासी शमशेर ने कहा कि जब चुनाव नजदीक आ गया, तब बिजली के दामों में कमी की गई है।
बस्ती मंडी के पास चाय की दुकान पर मिले अभय श्रीवास्तव कहते हैं कि फिलहाल भाजपा व सपा के बीच ही मुकाबला दिख रहा है। रौता चौराहा के प्रकाश मोहन श्रीवास्तव ने कहा,गरीबों के लिए आवास व मुफ्त राशन का इंतजाम चुनाव में फायदा पहुंचाएगा। निर्मली कुंड के धर्मेंद्र कुमार सुगंध ने कहा कि बस्ती में अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है। कप्तानगंज चौराहे पर कौड़ीकोल के अरुण कुमार मिले। वे कहते हैं, जो विकास की बात करेगा, वही जीतेगा। देवमणि उपाध्याय ने कहा कि सरकार का मुख्य मुद्दा विकास होना चाहिए। रविंद्र कुमार, महेश गुप्ता, तुषार श्रीवास्तव, मेनका मिश्रा व प्रभुनाथ ने कहा कि इस चुनाव में लड़ाई तगड़ी होगी। भाजपा व सपा के साथ बसपा और कांग्रेस ने चुनावी लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है। रामतीर्थ मौर्य कहते हैं, चुनाव आते ही जाति-धर्म की राजनीति शुरू हो जाती है। रुधौली कस्बे के राकेश कुमार उपाध्याय ने कहा कि इस बार मुख्य मुकाबला सपा व भाजपा के बीच देखने को मिल रहा है। डॉ. इफ्तेखार अहमद कहते हैं कि इस चुनाव में मुद्दों की बात ही नहीं हो रही है। पूरी राजनीति जाति-धर्म तक सिमटी दिख रही है। वहीं, रुधौली के अमिष पांडेय कहते हैं कि भाजपा को इस बार मेहनत करनी पड़ेगी। शांतिनगर के राम कुमार यादव ने कहा कि भाजपा के वादों-इरादों को जनता जान चुकी है।
महादेवा (सु.), हर्रैया : कांटे की टक्कर की बन रही पृष्ठभूमि
बस्ती-महुली मार्ग के बनकटी बाजार में चाय की दुकान पर मिले चंद्रगुप्त मौर्य व डॉ. अनिल कुमार कहते हैं, अबकी बार त्रिकोणीय लड़ाई है, भाजपा को ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। अजय शुक्ला ने कहा कि भाजपा को उसके कामों का फायदा मिल रहा है। हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के ढेलगढ़वा गांव के बृजेंद्र कुमार उपाध्याय, अमरनाथ मिश्र, दिलीप कुमार, अजीत सिंह, अनुराग मिश्र कहते हैं कि विधानसभा क्षेत्र में भगवान राम से जुड़े कई स्थान हैं। इसमें खौड़ा धाम अहम है। पर्यटन के लिहाज से काम भी हुए हैं। रामधनी यादव कहते हैं, इस चुनाव में रोजगार बड़ा मुद्दा रहेगा। महंगाई से जनता परेशान हैै।