फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुख्तार अंसारी से मिलने पहुंचे नेताओं ने अस्त-व्यस्त कर दी पीजीआई की सुरक्षा व्यवस्था

Thu, 11 Jan 2018 11:32 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
मुख्तार अंसारी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

पीजीआई के एफ ब्लाक फर्स्ट फ्लोर में भर्ती बसपा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के समर्थकों ने बुधवार को व्यवस्थाएं छिन्न-भिन्न कर डालीं। वार्ड से लेकर कैफेटेरिया-कैंटीन और पार्किंग तब उनका कब्जा रहा।

विज्ञापन


एफ ब्लाक के फर्स्ट फ्लोर पर भर्ती मरीजों और तीमारदारों तक को दिक्कत उठानी पड़ी। मरीजों से मिलने वालों को सीढ़ियों के बजाए काफी दूर स्थित लिफ्ट से भेजा गया। इस दौरान बाहुबली से मिलने के लिए लोग बेरोकटोक आते-जाते रहे।

फर्स्ट फ्लोर की सीढ़ियों पर तैनात रिटायर्ड सैन्यकर्मियों ने बाहुबली से मिलने आए राजा भैया को रोकने की कोशिश की तो समर्थकों ने अभद्रता की। पुलिस अधिकारियों को इस बात की जानकारी मिली तो इंस्पेक्टर पीजीआई को फोन कर जमकर फटकारा। इंस्पेक्टर पीजीआई पहुंचे और व्यवस्थाएं दुरुस्त कीं।
विज्ञापन


पीजीआई में मंगलवार शाम से ही बाहुबली के असलहाधारी समर्थक और उनके गुर्गे जगह-जगह पर तैनात हो गए थे। बुधवार सुबह से करीबी और परिचितों के अलावा बाहुबली के खास लोगों का अस्पताल आना-जाना शुरू हो गया।

इस दौरान बाहुबली से मिलने वालों को उनके समर्थकों की स्कैनिंग से होकर जाना पड़ा। पूर्व बाहुबली विधायक अभय सिंह ने समर्थकों के साथ पहुंचकर मुख्तार का हालचाल लिया।

विज्ञापन

सुरक्षाकर्मियों से हुई धक्का-मुक्की

बसपा के पूर्व मंत्री लालजी वर्मा, पूर्व मंत्री महफूज किदवई, विधायक वीरेंद्र यादव समेत कई नेता, कारोबारी, अधिकारी और प्रतिष्ठित लोग भी मुख्तार से मिलने पीजीआई पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे तक पीजीआई में इतनी अराजकता फैल चुकी थी कि सुरक्षाकर्मियों ने रोक-टोक लगानी शुरू कर दी। इसे लेकर बाहुबली विधायक के समर्थकों की सुरक्षाकर्मियों से कई बार तनातनी भी हुई।

दोपहर करीब एक बजे पीजीआई पहुंचे राजा भैया एफ ब्लाक की सीढ़ियों की तरफ बढ़े तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस पर राजा भैया के समर्थक उनसे भिड़ गए। समर्थकों ने सुरक्षाकर्मियों को धकेल दिया।

इसकी जानकारी अधिकारियों को मिली तो पीजीआई इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय को फोन कर कड़ी फटकार लगाई गई। उन्हें तत्काल मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

इंस्पेक्टर ने पीजीआई पहुंचकर हालात संभाले। राजा भैया के जाने के बाद बाहुबली विधायक से बेरोकटोक मिलने वालों पर लगाम कसी जा सकी। इससे पहले मंगलवार रात को पीजीआई में बाहुबली विधायक के समर्थकों ने जमकर अराजकता मचाई। वार्ड ब्लाक के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचे समर्थक भीतर जाने के लिए हंगामा करने लगे।

पुलिसकर्मियों ने पीएसी बल बुलवाकर उग्र समर्थकों को हटवाया। समर्थक मुख्य प्रवेश द्वार से हटकर कैफे में एकत्र हो गए, जिससे वहां अव्यवस्था फैल गई। जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने कैफे से समर्थकों को बाहर किया।

उधर, पीजीआई के कैफेटेरिया-कैंटीन और पार्किंग सहित अन्य जगहों पर बाहुबली विधायक के समर्थक ही समर्थक नजर आ रहे थे। वेटिंग हॉल पर भी समर्थक असलहे लेकर बैठे थे, जिसके चलते मरीजों और उनके तीमारदार असहज नजर आए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें