परिषदीय स्कूलों में इस बार जिलों के अंदर तबादले के लिए नई व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया गया है। दो शिक्षक यदि आपसी समझौते के आधार पर एक-दूसरे के स्थान पर जाना चाहते हैं तो प्राथमिकता के आधार पर स्थानांतरित किया जाए।
इसी तरह विकल्प देने वाले शिक्षकों में वरिष्ठता क्रम में सबसे ऊपर वाले को प्राथमिकता दी जाए। बेसिक शिक्षा निदेशक डीबी शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बेसिक शिक्षा अधिकारियों की बैठक में ये सुझाव दिए गए।
राज्य सरकार जिलों के अंदर परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के तबादले की अनुमति बेसिक शिक्षा अधिकारियों को देना चाहती है। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा डिंपल वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू करने से पहले बेसिक शिक्षा अधिकारियों से राय ले ली जाए।
इसके आधार पर बेसिक शिक्षा निदेशक ने सोमवार को बैठक में बीएसए से पूछा कि तबादले में उनके क्या सुझाव हैं। इस पर सुझाव दिया गया कि तबादला उन्हीं शिक्षकों का किया जाना चाहिए जो चाहते हैं और जो नहीं चाहते हैं उनका नहीं किया जाना चाहिए।