लाल-नीली बत्ती लगी एसयूवी सवार तीन पुलिसकर्मियों ने लखनऊ में भूतनाथ मार्केट के कपड़ा कारोबारी को कार में दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। उससे 50 हजार रुपये की मांग की। रकम न देने की बात कहने पर चालान कर गाड़ी थाने में सड़ा देने की धमकी दी। इसके बाद भी सारे हथकंडे फेल हो गए तो पुलिसकर्मियों ने ई-चालान कर दिया।
साथ ही कारोबारी को धमकाया कि बहुत नुकसान उठाना पड़ेगा। व्यापारी ने मंगलवार को एसएसपी से मिलकर इसकी शिकायत की। उन्होंने जांच का आदेश दे दिया है। इंदिरानगर सेक्टर-9 स्थित दयाल इन्क्लेव निवासी जसवीर सिंह की भूतनाथ मार्केट में राहुल टेक्सटाइल के नाम से कपड़ों की दुकान है।
जसवीर के मुताबिक वह सोमवार शाम सात बजे अपनी कार से कुछ परदे गट्ठर में लेकर दुकान जा रहे थे। इस दौरान लोहिया पार्क चौराहे पर सफेद रंग की एसयूवी ओवरटेक कर उनकी कार के सामने आ गई। उसमें से उतरे दो पुलिसकर्मी में एक इंस्पेक्टर स्तर का और दूसरा दरोगा था। वहीं, एसयूवी एक सिपाही चला रहा था।
पुलिसवालों ने कारोबारी को दो घंटे तक कार में बंधक बनाया
मोबाइल छीना, हाथापाई की
जसवीर का आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने उसकी कार रोकी और उसमें बैठ गए। इसके बाद कार की चाबी निकालकर अपने पास रख ली। एक पुलिसवाले ने उसका मोबाइल छीन लिया और गालियां देने लगे। उन्होंने कार में रखे गट्ठर के बारे में पूछताछ शुरू की।
इस पर जसवीर ने कहा कि इसमें परदे हैं, जिसकी बिल्टी भी है। उसे छुड़ाकर ला रहे हैं। इस पर पुलिसवालों ने आपत्ति जताई कि कार माल वाहक नहीं है। इसमें कैसे सामान लेकर आ रहे हो। जसवीर ने कहा कि ज्यादा माल नहीं था, इसलिए उसे कार में ही लेकर दुकान जा रहा था।
कारोबारी का आरोप है कि आधे घंटे तक लोहिया चौराहे पर पुलिसवालों ने उसे कार में बंधक बनाए रखा। इसके बाद दोनों धमकी देने लगे कि कार सीज करेंगे। इस पर जसवीर ने थाने चलने को कहा तो वे गालियां देने लगे और हाथापाई शुरू कर दी।
एसएसपी को सौंपा शिकायती पत्र
जसवीर का आरोप है कि पुलिसकर्मी लोहिया चौराहे से उसे 1090 वीमेन पावर लाइन चौराहे ले गए। इस दौरान कार चला रहे सिपाही ने धमकाया कि साहब, गाड़ी सीज करेंगे तो 50 हजार रुपये देने पड़ेंगे। कुछ ले-देकर समझ लो। नहीं तो बहुत बुरे फंसोगे। जसवीर ने बताया कि लोहिया चौराहे पर टीआई भी थे, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
दो घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद भी पुलिसकर्मी छोड़ने को तैयार नहीं हुए तो उसने गाड़ी का चालान करने की फरियाद की। इस पर पुलिसकर्मी ने कहा कि ऐसा चालान करूंगा कि गाड़ी थाने में सड़ जाएगी। इसके बाद रात करीब 9 बजे कार का ई-चालान कर दिया।
जसवीर ने मंगलवार को भूतनाथ मार्केट के व्यापारियों को पूरा मामला बताया। इसके बाद शाम को कई व्यापारी एसएसपी कलानिधि नैथानी से मिलने उनके कैंप कार्यालय गए। उनसे मुलाकात कर शिकायती पत्र देते हुए पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर कलानिधि नैथानी ने एएसपी ट्रैफिक पुर्णेंदु सिंह को आरोपी पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर पेश करने का निर्देश दिया। साथ ही उनके खिलाफ जांच का आदेश दिया।