हसनगंज थाने में तैनात सिपाही विश्वनाथ ने दो मुकदमों में वांछित चल रहे सट्टेबाज का नाम निकालने के लिए 50 हजार रुपये मांगे। इसकी बातचीत का ऑडियो शनिवार को सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इसकी जानकारी होने पर एसएसपी कलानिधि नैथानी ने सिपाही को निलंबित कर मामले की जांच क्षेत्राधिकारी महानगर संतोष कुमार सिंह को सौंपी है।
हसनगंज थानाक्षेत्र में खदरा इलाके में सट्टेबाजी की सूचना पर पुलिस ने 17 व 19 जुलाई को छापा डाला था। इस दौरान कई मोबाइल व पर्ची बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में इलाके के बड़े सटोरिये अनिल को मुख्य आरोपी बनाते हुए मुकदमा दर्ज किया। दोनों मुकदमों की वादी खुद पुलिस बनी थी। पहले मुकदमे में जांच अधिकारी ने चार्जशीट लगा दी।