फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक में बड़ी रकम जमा करें या निकाले, एक कॉल पर पुलिस देगी सुरक्षा, एडीसीपी पश्चिम ने राजाजीपुरम के लोगों को दिया आश्वासन

विज्ञापन
राजाजीपुरम सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज में अमर उजाला पुलिस की चौपाल में मौजूद लोग।
विज्ञापन
बैंकों से बड़ी रकम निकालने या जमा करने से पहले यदि लोग चाहेंगे तो उन्हें एक फोन कॉल पर पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। यह आश्वासन एडीसीपी पश्चिम राजेश कुमार श्रीवास्तव ने दिया। वे रविवार को जाम, अतिक्रमण, लूट, टप्पेबाजी, शराबियों के जमावड़े और लड़कों की गुटबाजी से त्रस्त राजाजीपुरम की जनता के लिए लगी अमर उजाला पुलिस की चौपाल को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन

सी ब्लॉक सपना कॉलोनी स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में लगी पुलिस क ी चौपाल में एडीसीपी पश्चिम समेत एसीपी बाजार खाला चंद्र प्रकाश अग्रवाल, एसीपी ट्रैफिक सैफुद्दीन बेग, इंस्पेक्टर तालकटोरा संजय राय नागरिकों से संवाद के लिए मौजूद थे। संचालन लखनऊ जनकल्याण महामंच के प्रवक्ता सुशील कुमार बच्चा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन पार्षद अजय दीक्षित ने किया। नागरिकों की सुरक्षा का आश्वासन मिलने पर सभी पुलिस अधिकारियों का राजाजीपुरम व्यापार मंडल परिक्षेत्र और राजाजीपुरम जनकल्याण मंच की ओर से स्वागत व सम्मान किया गया। एडीसीपी ने कहा कि होली के बाद क्षेत्र में घूमने वाले कबाड़ियों और नालेे किनारे बसी झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों का सत्यापन कराया जाएगा।
सादी वर्दी में रखेंगे शोहदों पर नजर
एक समस्या सामने आई कि अतिक्रमण करने वाले और सड़कों पर गुट बनाकर खड़े रहने वाले राह चलती लड़कियों पर फब्तियां कसा करते हैं। एडीसीपी ने कहा कि सादे कपड़ों में तैनात पुलिस कर्मी इनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
विज्ञापन

जाम से राहत का वादा कर गए एसीपी ट्रैफिक
राजाजीपुरम व्यापार मंडल परिक्षेत्र के अध्यक्ष उमेश कुमार शर्मा ने जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। एसीपी ट्रैफिक सैफुद्दीन बेग ने कहा कि इसे दूर करने के लिए कारोबारियों व स्थानीय नागरिकों को सहयोग करना होगा। वहीं वन वे करने के लिए जो मांग चौपाल में आई है, हम उस पॉइंट को देख लेते हैं, उसके बाद तय करेंगे।
ये समस्याएं भी आईं सामने :
डॉ. डीएन त्रिवेदी ने कहा कि बड़ी समस्या अतिक्रमण की है। होटल वाले व दुकानदार फुटपाथ पर कब्जा किए हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही अक्सर हादसे भी होते हैं।
सीताराम परिवार के अध्यक्ष शनि साहू ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर हटवाने को लेकर कार्रवाई में पुलिस को एक समान रवैया अपनाना चाहिए।
धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को कुछ स्थानों पर रुककर लोगों से बातचीत भी करनी चाहिए। इससे लोगों को सुरक्षा का एहसास होने के साथ ही पुलिस व पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित होगा।
अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि सड़क किनारे पूड़ी, अंडे, नॉनवेज आदि की दुकानों पर अराजक तत्वों की भीड़ लगी रहती है। इन्हीं में शामिल कुछ संदिग्ध लोग दुकानों की रेकी करके वारदात को अंजाम दे डालते हैं।
आशीष सेठ बोले कि रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल से जलालपुर तक झोपड़पट्टी में रहने वाले अनजान लोगों का सत्यापन होना चाहिए। ताकि इनके बीच यदि कोई अपराधी हो तो उसे चिह्नित किया जा सके।
बबीता शर्मा ने कहा कि आम लोग तो पुलिस से डरते हैं, मगर जिन्हें डरना चाहिए वे नहीं डरते। ऐसे में लोगों के मन में पुलिस को भरोसा पैदा करना होगा। इसके साथ ही पिंक बूथ व पिंक वैन के बारे में महिलाओं को जागरूक करने की जरूरत है।
उप्र जनकल्याण समिति के अध्यक्ष शिवाकांत त्रिपाठी ने कहा कि रात में ई-टैंपो वाले हेड लाइट नहीं जलाते हैं, पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के मुख्य गेट पर पुलिस की व्यवस्था कराई जाए। रात में लड़कों का स्टंट राहगीरों के लिए भी जानलेवा है, इसे तत्काल बंद करवाया जाए और बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
पूर्व सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) अखिलेश कुमार पांडेय ने कहा कि आलमनगर में सीमेंट व सरिया कारोबारी के मैनेजर से हुई लूट का जल्द खुलासा किया जाए।
मास्क चेकिंग के बहाने सराफा शोरूम में घुसे संदिग्ध
मिनी ज्वैलर्स के मालिक अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि एक दिन पहले मास्क चेक करने के बहाने चार संदिग्ध युवक उनके शोरूम में घुस आए। उन्होंने शोरूम में आए संदिग्धों की सीसीटीवी फुटेज, उनकी एक स्कूटी का नंबर व खुद को एडीएम बताने वाले शख्स का मोबाइल नंबर देकर पुलिस से छानबीन की मांग की। एडीसीपी ने चौपाल में ही अजय से प्रार्थनापत्र लेकर मामले की पड़ताल कराने का आश्वासन दिया है।
बदल गई है पुलिस, मानवीय गलतियों को आप भी भुलाएं
अधिवक्ता नीरज श्रीवास्तव ने कहा कि थाने जाने पर पुलिसकर्मी पीड़ितों की मदद करने के बजाय उन्हें ही संदिग्ध मानकर सवाल करते हैं। फरियादियों से पुलिस का व्यवहार अच्छा नहीं होता है। एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस काफी बदल गई है। काम के दबाव में यदि कोई मानवीय गलती हो जाए, तो लोगों को उसे माफ कर देना चाहिए।
मौके पर निस्तारण, अब तालकटोरा थाने में सुनी जाएगी सुनीता पांडेय की समस्या
सुनीता पांडेय ने अधिकारियों को बताया कि वह जब कोई शिकायत लेकर तालकटोरा थाने जाती हैं तो ठाकुरगंज जाने को कहा जाता है। वहां जाने पर तालकटोरा थाने भेज दिया जाता है। सीमा विवाद के चक्कर में सुनवाई ही नहीं हो पाती है। साथ ही बताया कि गली संकरी होने के बावजूद उनके पड़ोसी घर के बाहर ही अपने तीन डाला वाहन खड़े करते हैं, इस वजह से समस्या होती है। एडीसीपी ने तालकटोरा एसएचओ संजय राय से कहा कि सुनीता पांडेय की जो भी समस्या हो अब तालकटोरा थाने में ही सुनवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने पुलिस को निर्देशित किया कि घर के बाहर डाला वाहन खड़े होने की सुनीता पांडेय की शिकायत का तुरंत निस्तारण करें।
इन्होंने भी उठाए मुद्दे, गिनाईं समस्याएं
- राजाजीपुरम जनसेवा समिति के अध्यक्ष शैलेश वाजपेई, शीलू।
- कारोबारी-उमेश कुमार शर्मा, दीपक सहगल, अनूप द्विवेदी, मीन हज, प्रमोद अवस्थी, सुधीर अवस्थी, प्रमोद वर्मा।
- एडवोकेट- धर्मेन्द्र शर्मा, नीरज श्रीवास्तव, अखिलेश कुमार।
- समाज सेवी- सोनी शर्मा, शिखा श्रीवास्तव, सनी साहू, नीलम तिवारी, सुरेश शुक्ला, राम पाल शर्मा।
- राजाजीपुरम जनकल्याण मंच के श्याम सुंदर उप्पल, सुधीर सक्सेना, संदीप सिंह धीरू, दिव्यांश गोयल देबू, संतोष श्रीवास्तव, राजीव कृष्ण त्रिपाठी, अभिषेक प्रताप सिंह।
विज्ञापन

- पार्षद राजीव कृष्ण त्रिपाठी, अजय दीक्षित और शिव पाल संवरिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें