उत्तर प्रदेश के बहराइच की नानपारा कोतवाली की पुलिस मंगलवार भोर में सोनवा थाना क्षेत्र में दबिश देने गई थी। टीम के वापस लौटते समय आसाम रोड पर अलियाबुलबुल के निकट ओवरटेक करते समय ट्रक ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। इससे पुलिस जीप 40 फुट गहरे खड्ड में पलट गई, चीख पुकार मच गई।
वाहन में सवार देवरिया निवासी सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कोतवाल नानपारा समेत सात पुलिसकर्मी व मुल्जिम के तीन परिवारीजन घायल हुए हैं। घायल पुलिस कर्मियों को जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
जबकि मुल्जिम के परिवारीजनों का इलाज नानपारा सीएचसी में चल रहा है। दुघर्टना के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। उसे पकड़ने के लिए आसपास के थानों को अलर्ट जारी किया गया है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत शंकरपुर में भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह का पेट्रोल पंप स्थित है। बीते सप्ताह बाइक सवार तीन युवकों ने पेट्रोलपंप कर्मी को चाकू मारकर नगदी लूटने की कोशिश की थी।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को घटना के दिन ही पकड़ लिया था। जबकि मुख्य आरोपी श्रावस्ती जिले के सोनवा का निवासी था। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो दिन से पुलिस निरंतर दबिश दे रही थी।
उसी के चलते मंगलवार भोर में कोतवाली नानपारा के प्रभारी निरीक्षक आलोक राव थाने में तैनात दरोगा उमेश यादव, सिपाही जितेंद्र यादव, सुभाष यादव, संदीप यादव, असगर अली, विजय सिंह और रावत यादव के साथ दबिश पर निकले थे।