रायबरेली। महाकुंभ की शुरुआत सोमवार से हो रही है। ऐसे मेंं पुलिस की भी अग्निपरीक्षा है। ट्रैफिक कंट्रोल के साथ ही श्रद्धालुओं को सकुशल संगम नगरी पहुंचाने की जिम्मेदारी है। रविवार से भक्तों का प्रयागराज जाना शुरू हो गया। इसके लिए पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। वाहनों का जहां रूट डायवर्जन चालू कराया गया है, वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर 24 मोर्चा पोस्ट (बंकर) बनाकर उनमें पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
रायबरेली के अलावा लखनऊ, सुल्तानपुर, बाराबंकी, अमेठी जिलों के लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का प्रयागराज आना-जाना होगा। इसी देखते हुए वाहनों का रूट डायवर्जन शुरू कराया गया। मालवाहक ट्रक, खनन संबंधी सामान वाले ट्रक डंपर, प्राइवेट बसें, ऑयल टैंकर, गैस टैंकर, कंटेनर, मालवाहक डीसीएस, मालवाहक बड़ी पिकअप को प्रयागराज जाने से रोक दिया गया। वाहनों का रूट डायवर्जन 15 जनवरी को रात आठ बजे तक रहेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा के मुताबिक जिले में चुरुवा बार्डर, बछरावां चौैराहा, त्रिपुुला चौराहा, रतापुर चौराहा, सिविल लाइंस चौराहा, दरियापुर चौराहा, जगतपुर कस्बा, नवाबगंज, चड़रई चौराहा, बटोही तिराहा, ऊंचाहार कस्बा, सबीसपुर बार्डर, सूची चौराहा, अगई बार्डर, सरेनी, दो सड़का, सरेनी, गांधी चौराहा, डलमऊ तिराहा लालगंज, गुरुबख्शगंज, गंगापुल बैरियर समेत 24 स्थानों पर मोर्चा पोस्ट बनाए गए हैं। इनमेंं अर्द्धसैनिक बल के जवानों के अलावा पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
रूटमार्च कर कराया सुरक्षा का एहसास
अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, सीओ सदर अमित सिंह, कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने रविवार को अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ शहर में रूट मार्च किया। इस दौरान लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया गया। एएसपी ने बताया कि कहारों का अड्डा, किला बाजार, अहियारायपुर, गोरा बाजार आदि स्थानों पर रूट मार्च किया। किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।