लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में 24 मार्च को एक लावारिस महिला मिली थी। वह अपना नाम-पता नहीं बता पा रही थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने वन स्टाप सेंटर में उन्हें रखवाया। कुछ दिन बाद महिला ने पूछताछ में बताया कि उसका नाम रंजना सिंह पत्नी संजय सिंह निवासी अल्लापुर प्रयागराज है। इसके बाद सुशांत गोल्फ़ सिटी इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह ने सिपाहियों को प्रयागराज भेजा और अल्लापुर में रह रहे उनके परिवार को बताया। इसके बाद परिवार के लोगों ने रंजना को पहचान लिया। पुलिस ने रंजना को सकुशल परिवार वालों को सौंप दिया।
वहीं ठाकुरगंज पुलिस ने खेलते वक्त घर के बाहर से अचानक गायब हुई चार साल की बच्ची को परिवार वालों को सकुशल सौंपा। थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे इलाके में गश्त कर रहे थे तो उनकी नजर बच्ची पर पड़ी। प्रभारी ने चाइल्ड लाइन व सूत्रों के जरिए बच्ची के परिवारीजनों का पता लगाया। सूचना परिवार वालों को लगी तो परिवारीजन थाने पहुंच गए। सारी जानकारी लेने के बाद प्रभारी ने बच्ची को सकुशल उसके मां-बाप को सौंप दिया।