पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की बहू सारा की मौत के मामले में फीरोजाबाद पुलिस ने 59 सवालों के साथ जांच शुरू कर दी। बृहस्पतिवार दोपहर फीरोजाबाद महिला थाना की प्रभारी मिथिलेश सेंगर और क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अतर सिंह ने गोमतीनगर के विरामखंड स्थित सारा के घर में करीब डेढ़ घंटे तक उसकी मां सीमा सिंह के बयान दर्ज किए।
इस दौरान सीमा सिंह ने अमनमणि पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अमनमणि उनकी बेटी को घुमाने के बहाने ले गया और निर्दयता से हत्या कर दी। पुलिस ने सीमा से जो प्रश्न पूछे उनका सिलसिलेवार ब्योरा उपलब्ध है।
अमन और सारा कैसे मिले। क्या अमनमणि आपके घर आता था?
इस बारे में मैं बहुत ज्यादा तो नहीं जानती, लेकिन दोनों की मुलाकात फ्रेंड सर्किल से हुई थी। कब और कहां हुई थी, इस बारे में भी कहना मुश्किल है। हां, अमनमणि अक्सर घर जरूर आता-जाता रहता था।
शादी कैसे हुई। क्या रिसेप्शन हुआ था। आप लोग शादी में शामिल हुए थे या नहीं?
शादी का मुझे पता ही नहीं चला। इसलिए रिसेप्शन या परिवार के किसी सदस्य के शामिल होने का भी सवाल नहीं है। एक दिन अमनमणि ने मुझसे पूछा कि वह सारा को घुमाने के लिए ले जाना चाहता है। इस पर मैंने कहा कि क्या तुम सारा के पति हो जो घुमाने ले जाओगे। इस पर अमन ने सारा से पूछा कि क्या फोटो दिखा दूं। तब मुझे शक हुआ कि दोनों ने शादी कर ली है। सारा खामोश रही तो अमन ने कुछ फोटो निकालकर टेबल पर रख दिए। इसमें एक फोटो अमन के सारा की मांग भरते हुए थी।
शादी से कितने दिन पहले से अमनमणि उससे बातचीत कर रहा था?
मुझे नहीं मालूम कि शादी से कितने दिन पहले से अमन और सारा के बीच बातचीत हो रही थी। मुझे तो शादी के बारे में ही काफी बाद में पता चला।