यूपी में एक तरफ चोर-पुलिस का खेल जारी रहता है, तो दूसरी तरफ शनिवार को राजधानी लखनऊ के एक होटल में हुई पुलिस और हिस्ट्रीशीटरों की पार्टी।
जी हां, इसमें चौंकने की जरूरत नहीं है। यह अनोखी घटना हुई है राजधानी के नाका इलाके में। यहां स्थानीय पुलिस ने इलाके के सभी हिस्ट्रीशीटरों को स्पेशल बुलाया भेजा।
वेन्यू रखा गया होटल अवध दीप। पुलिस ने होटल में सारे इंतजाम कर रखे थे। दिलचस्प बात है कि पुलिस ने इन हिस्ट्रीशीटरों के लिए कोल्ड ड्रिंक और खाने का भी इंतजाम किया था।
दिलचस्प बात यह भी है कि यहां न पुलिस का डंडा था, न कानून का खौफ। ये ऐसे हिस्ट्रीशीटर थे, जिन्होंने जुर्म की दुनिया से हाथ खींच लिए हैं। इसीलिए उन्हें परिवार के साथ बुलाया गया था। कुछ तो अपने बच्चों को लेकर भी पहुंचे।
पुलिस ने इनसे गुजारिश की कि वे अपने इलाकों में पुलिस के सहयोगी बनकर काम करें। ज्यादातर हिस्ट्रीशीटरों को पुलिस का ये प्रस्ताव रास भी आ गया और उन्होंने पुलिस का हमराह बनना स्वीकार कर लिया।
हालांकि, कुछ हिस्ट्रीशीटर इस मीटिंग में नहीं हाजिर हुए। पुलिस ने उनकी तलाश भी शुरू कर दी है।