लखनऊ के हजरतगंज स्थित कैथेड्रल स्कूल में इंटर के छात्र को प्रताड़ित कर खुदकुशी को मजबूर करने के आरोपी पूर्व प्रिंसिपल मेल्विन सल्डनहा पर शिकंजा कसने लगा है। कोर्ट से गैरजमानती वारंट लेकर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की है।
वहीं, हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद से पूर्व प्रिंसिपल अंडरग्राउंड हैं। कैथेड्रल स्कूल में 3 दिसंबर 16 की सुबह सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने से आहत इंटर के छात्र ललित यादव ने घर पहुंचते ही पुलिसकर्मी पिता अमरनाथ यादव के लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुदकुशी कर ली थी।
अमरनाथ ने प्रिंसिपल मेल्विन सल्डनहा व पीटी टीचर जेम्स जॉन पर बेटे को खुदकुशी के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।रसूखदारों के दबाव में पुलिस को लीपापोती करते देख अमरनाथ व उनकी पत्नी शिवदेवी ने पुलिस के आला अफसरों से गुहार लगाई।
सीबीआई से तफ्तीश कराने की मुख्यमंत्री से मांग की। इस पर पुलिस की विशेष जांच शाखा के इंस्पेक्टर विजय यादव को तफ्तीश सौंपी गई। पड़ताल में पुख्ता सुबूत एकत्र कर विवेचक ने शिकंजा कसना शुरू किया। इस पर मेल्विन सल्डनहा ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर केस खारिज करने की मांग की।
अभियोजन ने विवेचक को हाईकोर्ट में प्रस्तुत करके तर्क दिए। हफ्ता भर पहले याचिका खारिज होते ही मेल्विन सल्डनहा अंडरग्राउंड हो गए। इस पर विवेचक ने कोर्ट से गैर जमानती वारंट लेकर मड़ियांव पुलिस को गिरफ्तारी के लिए हुकुम तहरीरी सौंपी है।
तलाश में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
इंस्पेक्टर विजय यादव बताते हैं कि अमरनाथ यादव की तहरीर पर मड़ियांव पुलिस ने मेल्विन सल्डनहा व जेम्स जॉन के खिलाफ भादवि की धारा 306 के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी। इसमें 10 वर्ष तक की कैद का प्रावधान है।
अमरनाथ ने तहरीर में बेटे ललित की उम्र 17 वर्ष बताई थी। शैक्षिक प्रमाणपत्र व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से भी स्पष्ट हुआ कि ललित वह नाबालिग था। इसके चलते मुकदमे में धारा 306 के स्थान पर नाबालिग को खुदकुशी के लिए मजबूर करने की धारा 305 दर्ज करके तफ्तीश शुरू की थी। इसमें फांसी या उम्रकैद की सजा का प्रावधान है।
विवेचक का कहना है कि तफ्तीश पूरी करके आरोपी मेल्विन सल्डनहा की तलाश शुरू की गई। पता चला कि उसे हजरतगंज के कैथेड्रल स्कूल से सरोजनीनगर के सेंट थामस स्कूल में स्थानांतरित किया गया है। हफ्ता भर पहले हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने पर मेल्विन अंडरग्राउंड हो गए। कोर्ट से गैर जमानती वारंट लेकर मड़ियांव पुलिस को सौंपा गया है। इसके बाद भी सुराग न लगने पर कुर्की की जाएगी।
इंस्पेक्टर मड़ियांव अमरनाथ वर्मा ने बताया कि मेल्विन सल्डनहा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी है। गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। अंडरग्राउंड आरोपी का सुराग लगाया जा रहा है। उसे जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पढें, मामला
demo pic
मामले पर एक नजर
लखीमपुर खीरी के एसपी ऑफिस में तैनात अमरनाथ यादव का बेटा ललित 3 दिसंबर 16 की सुबह मड़ियांव के फैजुल्लागंज स्थित घर से कैथेड्रल स्कूल गया था। गेट पर उसकी बाइक की एक रिक्शे से टक्कर हो गई। ललित ने रिक्शा चालक को डेढ़ सौ रुपये हर्जाना दिया।
इसके बाद रिक्शा चालक ने प्रिंसिपल से शिकायत कर दी और उन्होंने क्लास रूम में सार्वजनिक रूप से उसे अपमानित किया। मोबाइल मिलने पर और खफा प्रिंसिपल ने खूूब फटकारा। पिता को कॉल करके स्कूल पहुंचने को कहा। मां शिवदेवी किसी तरह स्कूल पहुंची।
इस बीच प्रिंसिपल ने ललित की बाइक, स्कूल बैग व मोबाइल जमा कराने के साथ उसे पीटी टीचर के साथ घर भेज दिया था। अपमान से आहत ललित ने मां के लौटने से पहले सेफ से पिता का लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाला और कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी। रसूखदारों के दबाव में पुलिस को लीपापोती करते देख पिता ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य एकत्र करके सौंपे।