फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीवीआर में पुलिस की दबिश पर कारोबारी की पत्नी ने किया हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। गोमतीनगर के एक मॉल के पीवीआर में शनिवार शाम अचानक पुलिस पहुंच गई। मूवी देख रहे लोग वहां किसी अपराधी के होने की आशंका में कौतूहलवश मामले की जानकारी लेने लगे। तब पता चला कि सड़क हादसे के एक मामले में आरोपी कारोबारी की तलाश में पुलिस वहां पहुंची थी। पुलिस के रवैये से नाराज कारोबारी की पत्नी ने दरोगा को जमकर फटकार लगाई। इस पर पुलिसकर्मी लौट गए।
विज्ञापन

गोमतीनगर के विनम्रखंड निवासी रोहित राय रेस्टोरेंट व्यवसायी हैं। आरजे क्रिस्टो के नाम से उनके रेस्टोरेंट के शहर में छह फ्रेंचाइजी हैं। रोहित के मुताबिक, महज 10 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर उनका एक व्यक्ति से विवाद चल रहा है। इसी के चलते कुछ दिनों पहले जब वह पत्नी प्रीति राय संग जिम से लौट रहे थे तो कुछ लोग उनकी कार का पीछा करने लगे। कार के आगे स्कूटी लगाकर रोकने का प्रयास किया गया तो वह घबरा गए। ऐसे में मामूली टक्कर से स्कूटी सवार युवक घायल हो गया था। उसने गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रोहित का कहना है कि गोमतीनगर के एसआरएस चौकी प्रभारी सदरुद्दीन से उन्हें रिपोर्ट दर्ज होने की सूचना देकर बुलाया था। वह कई बार चौकी गए मगर सदरुद्दीन नहीं मिले। फोन करने पर उन्होंने कॉल भी नहीं रिसीव की।
रोहित शनिवार को पत्नी प्रीति व बेटी संग सिंगापुर मॉल में मूवी देख रहे थे। तभी एक युवक ने पीवीआर में आकर उनसे कहा कि नीचे चलो, पुलिस बुला रही है। रोहित ने अनजान युवक की बातों पर विश्वास करके बाहर जाना उचित नहीं समझा। इस पर चंद मिनट बाद चौकी प्रभारी सदरुद्दीन व कुछ पुलिसकर्मी पीवीआर के भीतर आ गए। इस पर प्रीति भड़क गईं। उन्होंने चौकी प्रभारी को जमकर फटकार लगाई। कहा कि ‘आप चौकी पर मिलते नहीं हैं और कॉल भी नहीं रिसीव करते हैं। उस पर भी इतना जरूरी था तो घर आ जाते। हमने क्या किसी का खून कर दिया है जो आप पीवीआर आ गए।’ कुछ लोग हंगामे का वीडियो बनाने लगे। इस पर चौकी प्रभारी बैकफुट पर आ गए और प्रीति को समझाकर चले गए। रोहित व उनकी पत्नी का कहना है कि चौकी प्रभारी के इस रवैये की पुलिस कमिश्नर से शिकायत करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें