लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने मंगलवार को नया पुरवा गांव में छापा मारकर 6 भट्ठी, 70 लीटर शराब और दो क्विंटल लहन बरामद कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। यहां सेलिब्रिटी ग्रीन में अमर उजाला-पुलिस चौपाल के बाद यह कार्रवाई हुई। चौपाल में स्थानीय लोगों ने आसपास के गांवों में कच्ची शराब बनाए जाने की जानकारी दी थी। इस पर डीसीपी दक्षिण रवि कुमार और एडीसीपी दक्षिण सुरेश चंद्र रावत ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
जनवरी के पहले रविवार को अमर उजाला ने यह चौपाल आयोजित की थी। इसमें उक्त अधिकारियों के साथ खुद पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर भी मौजूद थे। अधिकारियों ने जनता की शिकायतों का एक-एक कर निस्तारण करना शुरू किया है। सबसे पहले अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद सुशांत गोल्फ सिटी से अहिमामऊ की तरफ शहीदपथ की सर्विस लेन को वन वे किया। इसी बीच पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों के साथ बैठक की, जिसमें आरडब्ल्यूए गठित कर पुलिस के साथ सोशल मीडिया पर परेशानी साझा करने का प्लेटफार्म तैयार किया। बैठक में अंसल के अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में सीवर समस्या का तत्काल निस्तारण का आश्वासन दिया गया। इसके बाद मंगलवार को अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला।
एडीसीपी सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक विजयेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नया पुरवा गांव में छापा मारा तो अवैध शराब बनती मिली। पुलिस ने 6 भट्ठी, 70 लीटर शराब, दो क्विंटल लहन व शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। मौके से तीन आरोपियों सरजू, कन्हई और धर्मेंद्र उर्फ टिंडा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। अभियान में एसआई संजय शुक्ला, दिनेश कुमार सिंह, डीसीपी क्राइम टीम के एसआई योगेंद्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल जोगेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल रवींद्र, दयाशंकर, सुनील कुमार शामिल रहे।