लखनऊ। फलपट्टी क्षेत्र में सईदपुर गांव के पास प्रॉपर्टी का काम करने वालों ने कई बीघे आम के बाग में आरा चला दिया। ग्रामीणों ने जब अवैध कटान की शिकायत की तो वन विभाग ने कुछ पेड़ों का मुकदमा दर्ज कराने की तहरीर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि अब भी रात में पेड़ों पर कटान जारी है।
क्षेत्र से आउटर रिंग रोड के निकलने से प्रॉपर्टी का कारोबार फैल रहा है जिसकी वजह आम के बागों पर भी खतरा मंडरा रहा है। आउटर रिंग रोड के करीब सईदपुर गांव के लोगों के अनुसार, यहां 100 से अधिक आम के पेड़ थे। प्रॉपर्टी का काम करने वालों ने वन विभाग से मिलीभगत कर रातों-रात 100 से अधिक पेड़ों पर आरा चलवा दिया। पेड़ों की तनों के ऊपर से हरियाली काट दी। इस संबंध में वन रेंजर शिवा कांत शर्मा ने बताया कि आम के बाग में ग्रामीणों ने ही कटान की है। उन्होंने बताया कि केवल 61 पेड़ों की कटान को लेकर ही तहरीर दी गई है।