गोंडा। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने रविवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में प्रशिक्षण ले रहे 197 रिक्रूट आरक्षियों को अभी तक दिए गए प्रशिक्षण की समीक्षा की। एसपी ने प्रशिक्षण को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए आवश्यक गुर भी सिखाए।
इसके लिए पुलिस अधीक्षक ने प्रतिसार निरीक्षक को सभी रिक्रूटों को परेड कराने के अलावा स्टेमिना बढ़ाने वाले विभिन्न प्रकार के खेल जैसे फुटबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल आदि खेलों को भी नियमित तौर पर कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रशिक्षकों को रिक्रूटों की नियमित दौड़ कराने तथा उनकी टाइमिंग को साप्ताहिक रूप से चेक करने, जिससे यह जानकारी हो सके कि रिक्रूटों की शारीरिक क्षमता में कितना सुधार हो रहा है, के निर्देश दिए।
एसपी ने मेस में भोजन की गुणवत्ता बेहतर रहे इसके लिए प्रतिसार निरीक्षक को पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया। सभी रिक्रूट आरक्षियों को पुलिस कार्यालय व अन्य संबंधित विभागों की जानकारी दिलवाने के लिए टोलीवार भेजकर प्रशिक्षित कराने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को भविष्य में ड्यूटी के दौरान आने वाली किसी भी विषम परिस्थिति में भी अपने मनोबल को बनाए रखते हुए कार्य करने के टिप्स दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, क्षेत्राधिकारी सदर लक्ष्मीकांत गौतम, प्रतिसार निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह व सभी प्रशिक्षक आदि मौजूद रहे। संवाद