गोंडा जिले के उमरीबेगमगंज में बृहस्पतिवार की रात पुलिस व बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि 24 व 25 अप्रैल की रात उमरीबेगमगंज क्षेत्र के रहने वाले देवीदीन निवासी पूरे तिलक धन्नीपुरवा डिक्सिर के घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की जा रही थी।
चोरी की घटना के दौरान शिवदीन के जग गये। उन्होंने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जिस पर बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। इस मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीम लगाई गई थी। बृहस्पतिवार की रात एसओजी और सर्विलांस व थाना उमरीबेगमगंज की संयुक्त पुलिस टीम व बाइक सवार बदमाशों के बीच दुर्गापुर मोड़ मुठभेड़ हो गई।
बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में बृजेश उर्फ छोटू पासी निवासी मदनवा राजापुर थाना परसपुर व पल्लू पासी निवासी अकनिया माझा पसीयन परुवा पसका थाना परसपुर के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गए।
एक बदमाश नानमुन्ना लोध को पुलिस टीम ने घेरकर पकड़ लिया। घायल बदमाशों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एसपी ने बताया कि बदमाशों के कब्जे से पिस्टल, तमंचा व चोरी किए गए जेवरात बरामद किए गए हैं। आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी की जा रही है।