दुबग्गा इलाके में रहने वाली नौवीं की छात्रा के सड़क किनारे बदहवास मिलने के मामले में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस का दावा है कि छात्रा सड़क हादसे में घायल हो गई थी। हालांकि, छात्रा को टक्कर किसने मारी, इसके बारे में पुलिस कुछ बता नहीं पा रही है।
छात्रा के पिता ने बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। ऐसे में छात्रा के साथ हादसा हुआ या फिर वह किसी साजिश की शिकार हो गई, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। घटना के पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस ने छात्रा का बयान भी दर्ज नहीं किया है। छात्रा का कहना है कि वह 12 फरवरी की दोपहर दुबग्गा कंप्यूटर सीखने गई थी। दुबग्गा स्थित राष्ट्रीय मतदाता पार्टी के ऑफिस में मीटिंग थी। उसमें शामिल होने के बाद वह शाम को वहां से निकल गई थी। इसके बाद बाद उसे कुछ याद नहीं है। छात्रा एक युवक और युवती को सड़क किनारे मिली थी, जिन्होंने देर रात करीब एक बजे उसको घर छोड़ा था। पुलिस छात्रा को घर छोड़ने वाले लोगों के बारे में भी पता नहीं कर सकी है। छात्रा के पिता की तहरीर पर सोमवार को दुबग्गा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।