अनफिट क्रेनों के मामले की जांच के लिए कमिश्नर ने बनाई कमेटी
राजधानी में अनफिट क्रेनों द्वारा नो-पार्क़िंग जोन से वाहन उठाने के मामले की जांच के लिए पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने बृहस्पतिवार देर रात जांच कमेटी गठित कर दी।
यह कमेटी जेसीपी कानून व्यवस्था की अध्यक्षता में जांच करेगी। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नो-पार्किंग व सड़क पर बेतरतीब खड़े चार पहिया वाहनों को उठाने के लिए क्रेनों का सहारा लिया जा रहा है।
यह काम नगर निगम व निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। दोनों ही संस्थाओं द्वारा लगाए गये क्रेनों के फिटनेस, इंश्योरेंश और रजिस्ट्रेशन में काफी गोलमाल हैं।
अमर उजाला में इसकी खबर प्रकाशित होने के बाद संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीन अरोरा, उपायुक्त यातायात ख्याति गर्ग, एडीसीपी यातायात पु़र्णेंदु सिंह, नगर निगम के अधिकारी व निजी कंपनी के जिम्मेदरों की बैठक बुधवार को हुई। इसमें जेसीपी नवीन अरोरा ने सभी को सप्ताहभर में सही सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
वहीं, पुलिस कमिश्नर ने जेसीपी कानून व्यवस्था नवीन अरोराकी अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया है। कमेटी में उपायुक्त यातायात ख्याति गर्ग और उपायुक्त पूर्वी चारु निगम सदस्य हैं।
जो क्रेनों के फर्जीवाड़े के संबंध में जांच करेगी। जांच कर यह कमेटी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कमेटी फिटनेस, इंश्योरेंस, रजिस्ट्रेशन व वाहनों के स्वरूप में बदलाव के सभी पहलुओं की जांच करेगी। इसके प्रमाण पत्र की जांच भी आरटीओ सहित सभी संबंधित विभाग से कराएगी।