पुलिस अफसर सूबे में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू कराने की कोशिश करने जा रहे हैं।
डीजीपी रिजवान अहमद ने कहा कि उनकी कोशिश है कि उनके कार्यकाल के दौरान ही पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने पर राज्य सरकार कोई सकारात्मक फैसला ले ले।
महानगर स्थित रेडियो मुख्यालय के सभागार में सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सम्मेलन में डीजीपी की चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की भी वकालत की गई।
इस दौरान पुलिस आधुनिकीकरण, नए पुलिस एक्ट के ड्राफ्ट व मानवाधिकार के मुद्दे पर प्रजेंटेशन दिए गए।
पुलिस आधुनिकीकरण पर प्रजेंटेशन के दौरान एडीजी पुलिस मुख्यालय सूर्यकुमार शुक्ला ने आधुनिकीकरण के तहत प्रदेश में थानों, चौकियों, आवासीय व प्रशासनिक भवनों के निर्माण के बारे में जानकारी दी।
पुलिस ड्राफ्ट एक्ट की दी जानकारी
आईजी एसटीएफ आशीष गुप्ता ने नए पुलिस एक्ट के ड्राफ्ट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक परिवेश में पुलिसिंग की आवश्यकताओं व नई चुनौतियों से निपटने और पुलिस एक्ट के लिए सुझाए गए प्रस्तावों के बारे में भी बताया।