लखनऊ में सरोजनीनगर के रहीमाबाद में बुधवार शाम छात्रा से छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। एक-दूसरे पर पथराव भी किया गया, जिसमें एक युवक का सिर फट गया।
विज्ञापन
सूचना पाकर पुलिस पहुंची तो हमलावर भाग खड़े हुए। पीड़ित पक्ष ने तीन नामजद समेत 30 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने सात लोगों को पकड़ा है। इलाके में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक राम सूरत सोनकर ने बताया कि मामले की शुरुआत एक स्कूल में छेड़छाड़ की शिकायत से हुई। कक्षा नौ में पढ़ने वाले प्रिंस यादव पर बुधवार दोपहर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए प्रधानाचार्य से शिकायत की गई थी।
विज्ञापन
प्रधानाचार्य ने छात्रा को बुलाकर पूछा तो उसने छेड़छाड़ से इन्कार कर दिया। स्कूल की छुट्टी के बाद प्रिंस घर जा रहा था तभी छात्रा के भाई व उसके साथियों ने उसे घेरकर पीट दिया। पिटाई से गुस्साया घर जाने के बजाय अपने दोस्तों के पास पहुंचा और उन्हें घटनाक्रम की जानकारी दी।
Trending Videos
फोर्स मौके पर पहुंची और हालात किए काबू
घायल छात्र
- फोटो : अमर उजाला
साथी की पिटाई से गुस्साए अमन यादव, सुभाष यादव, चंद्रशेखर और अन्य किशोर शाम को लाठी-डंडे लेकर आरोपियों के घर के बाहर पहुंच उन्हें ललकारने लगे। आरोपी की तरफ से समीर खान, आसिफ, महमूद, अबरार अली, जाकिर अली, मो. अजीज, साजिद अली, अयूब अली, मकसूद, चंद बाबू समेत 25-30 लोग आ गए।
सबने अमन और उसके साथियों को उन्हीं के लाठी-डंडे से जमकर पीटा। इस दौरान अमन का सिर फट गया। बचने के लिए वह और उसके साथी ईंट-पत्थर चलाते हुए भागे तो हमलावरों ने भी पथराव किया। दोनों तरफ से लोग एकत्र हो गए और माहौल अराजक हो गया।
इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सरोजनीनगर, बंथरा और कृष्णानगर थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और हालात काबू किए। अमन को अस्पताल ले जाया गया है।
उसकी तरफ से समीर खान, आसिफ और मकसूद तथा 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तीनों नामजद हमलावरों के साथ ही चार अन्य लोगों को पकड़ा गया है। पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि मामला छेड़छाड़ नहीं बल्कि शुक्रवार को अबरार अली की गाय की पीटकर हत्या से जुड़ा है। अबरार की गाय पर खेत में घुसकर फसल नष्ट करने का आरोप लगाते हुए संतबक्स के बेटे राजेंद्र, शैलेंद्र और दीपक ने लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला था।
अबरार ने तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर अबरार ने परिवारीजनों और ग्रामीणों संग मिलकर सरोजनीनगर थाना के सामने धरना-प्रदर्शन किया था। इस पर पुलिस ने गाय के शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही आरोपी तीनों भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।