अंबेडकरनगर में महरुआ पुलिस ने मंगलवार देर शाम सुल्तानपुर से तस्करी कर अकबरपुर ले जाई जा रही 118 पेटी नकली शराब पकड़ी। पुलिस ने शराब से लदी पिकअप चालक को भी दबोच लिया है।
महरुआ पुलिस को सूचना मिली कि सुल्तानपुर से एक पिकअप पर अवैध ढंग से नकली शराब महरुआ होते हुए अकबरपुर ले जाई जा रही है।
एसओ राहुल कुमार ने पुलिस टीम के साथ सुल्तानपुर से महरुआ आने वाले मुख्य मार्ग घेराबंदी कर दी। इसी बीच सुल्तानपुर की तरफ से एक पिकअप वाहन आता दिखा। पुलिस टीम को देखते ही पिकअप चालक वाहन खड़ाकर भागने लगा।
इस पर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान रोहित चौधरी निवासी रसीदपुर थाना सलेमपुर जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई। पिकअप की तलाशी में 118 पेटी शराब मिली। इसमें कुल 1062 लीटर शराब थी। पुलिस टीम चालक व शराब लदी पिकअप को लेकर थाने ले आई। साथ ही सूचना आबकारी विभाग को दी।