आत्महत्या करने जा रहे युवक के घर पहुंची पुलिस।
लखनऊ। पत्नी से झगड़े के बाद मंगलवार को आत्महत्या करने जा रहे मोहनलालगंज के कूढ़ा गांव निवासी गुड्डू को पुलिस ने दो मिनट में मौके पर पहुंचकर बचा लिया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई और काउंसिलिंग के बाद घरवालों को सौंप दिया।
एसीपी मोहनलालगंज विकास पांडेय ने बताया कि फैक्टरी में चालक गुड्डू का सुबह पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया और साड़ी के सहारे गले में फंदा लगाने लगा। यह देख भाई विशाल ने पुलिस कंट्रोल रूम पर 10.15 पर कॉल कर मदद मांगी।
इत्तेफाक से सिपाही किशन जायसवाल और सत्येंद्र उसी इलाके में गश्त कर रहे थे। दोनों दो मिनट के अंदर गुड्डू के घर पहुंच गए। फिर कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बचा लिया।