फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टैंपों चालकों ने लूट के लिए बनाया था गैंग, मुठभेड़ के बाद छह गिरफ्तार

Sat, 20 May 2017 02:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
पकड़े गए गैंग के लोग। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
राजधानी लखनऊ के गुडंबा इलाके में कुर्सी रोड स्थित एक अपार्टमेंट में बृहस्पतिवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक फ्लैट में घुसे छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक  जागरूक नागरिक से मिली सूचना पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। ये गैंग टैंपो चालकों का था जो कि गिरोह बनाकर लूट करता था।
विज्ञापन


पांच घंटे की इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को रास्ता दिखा रहा सिक्योरिटी गार्ड पैर में गोली लगने से घायल हो गया। बदमाशों के कब्जे से तमंचा, रिवॉल्वर व पिस्टल के साथ फ्लैट से चुराए गहने और नकदी बरामद हुई। अपार्टमेंट को निशाना बनाने वाले दिल्ली के गैंग ने छह वारदात कुबूलीं।

एएसपी ट्रांसगोमती दुर्गेश कुमार ने बताया कि गुडंबा इलाके में कुर्सी रोड स्थित एल्डिको ईडेन पार्क अपार्टमेंट के आठवें तल पर देर रात संदिग्ध व्यक्तियों को देखकर एक नागरिक ने पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया। इसके साथ उसने वीडियो क्लिप बनाकर इंस्पेक्टर गुडंबा को वाट्सएप से भेजी।
विज्ञापन


इलाके में गश्त पर निकली मूवर टीम के कांस्टेबल अजीत यादव व विनीत यादव थोड़ी ही देर में मौके पर पहुंचे। सिक्योरिटी गार्ड रामकुमार वर्मा व अमर को अलर्ट करने के साथ इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह को जानकारी दी।

देर रात पौने तीन बजे शुरू हुई कार्रवाई

- फोटो : amar ujala
इस बीच पीआरवी-502 के दरोगा मदनलाल बघेल, कांस्टेबल जितेंद्र प्रसाद, दुष्यंत सिंह व पीआरवी 512 के दरोगा असलम खां, कांस्टेबल अरविंद सिंह व विनोद कुमार आ गए। एएसपी टीजी ने बताया कि कार्रवाई बृहस्पतिवार देर रात पौने तीन बजे शुरू हुई और शुक्रवार सुबह 8.10 बजे बदमाशों को गिरफ्तार किया जा सका।

ऐसे की घेराबंदी
सीओ गाजीपुर दिनेश पुरी ने बताया कि इंस्पेक्टर गुडंबा ने मौके पर पहुंचे 22 पुलिसकर्मियों की चार टीमें बनाई। दोनों सिक्योरिटी गार्ड से लिफ्ट व सीढ़ियों के बारे में जानकारी की। एक टीम को ग्राउंडफ्लोर से नजर रखने का जिम्मा सौंपा।

दूसरी टीम को दबे पांव सीढ़ियों से आठवें तल पर पहुंचने को कहा। तीसरी टीम लिफ्ट से और चौथी टीम ने दूसरे ब्लॉक के आठवें तल से घेराबंदी की। दोनों सिक्योरिटी गार्ड भी रास्ता दिखाने के लिए पुलिस टीम के साथ थे।

आठवें तल पर मुठभेड़, नकदी व गहने बटोरने में जुटे थे बदमाश

- फोटो : amar ujala
फ्लैट नंबर 802 के मेनगेट का कुंडा टूटा था। गार्ड ने जानकारी दी कि प्लैट के मालिक निगमजी बंगलूरू में एक निजी कंपनी के अधिकारी हैं और फ्लैट पर ताला बंद था। भीतर आहट महसूस होने पर पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी की। फ्लैट में घुसे बदमाश सेफ के लॉकर तोड़कर नकदी व गहने बटोरने में जुटे थे।

घेराबंदी की भनक लगने पर बदमाशों ने फायरिंग करके भागने की कोशिश की। फ्लैट के भीतर से चली गोली सिक्योरिटी गार्ड रामकुमार वर्मा के पैर में जा लगी। पुलिस ने फायर करने के साथ धक्का मारकर दरवाजा खोला और छह बदमाशों को धर दबोचा।

हत्थे चढ़े बदमाशों की पहचान दिल्ली के मॉडल टाउन थाने के बिलासपुर निवासी श्यामवीर सिंह, थाना बुरारा के जरोदा माजरा निवासी रामनिवास, मंगूलाल जाटव, नरेला थाने के ओलंबी कलां मेट्रो विहार निवासी लालजी, गांधी विहार जीटीवी नगर निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई। पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले श्यामवीर के कब्जे से प्रतिबंधित बोर का रिवॉल्वर बरामद हुआ। अन्य चार के कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, फ्लैट से चुराए 58080 रुपये, गहने, नकब लगाने व लॉक तोड़ने के उपकरण बरामद हुए।

दिल्ली के टैंपों चालकों का गैंग

- फोटो : amar ujala
सीओ दिनेश पुरी ने बताया कि श्यामवीर सिंह राजस्थान के धवलपुर का मूलनिवासी है। लालजी ने खुद को आजमगढ़ के वरदहा थाने के जमुबाबा का रहने वाला बताया।

मंगूलाल जाटव लखीमपुर खीरी के पसगवां थाने के रहीमापुर और रामनिवास पसगवां थाने के मोहद्दीपुर का मूलनिवासी है। टैंपो चलाने के दौरान मंगू व श्यामवीर में दोस्ती हुई। इसके बाद पांचों ने गिरोह बनाकर वारदात अंजाम देनी शुरू कर दीं।

यहां वारदात में इनका हाथ
गिरोह ने 18 जनवरी को चिनहट के गोयल एन्क्लेव में फ्लैट का ताला तोड़कर नकदी-गहने चोरी करने व अलकनंदा अपार्टमेंट के एक फ्लैट को निशाना बनाने समेत छह वारदात कुबूलीं। अलकनंदा व गोयल अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज का हत्थे चढ़े बदमाशों से मिलान किया गया।
विज्ञापन

मोबाइल की रोशनी के सहारे चढ़ते सीढ़ियां चढ़ते नजर आए थे बदमाश

- फोटो : amar ujala
गुडंबा इलाके की पॉश कॉलोनी के एल्डिको ईडेन पार्क अपार्टमेंट के बाशिंदे रोजाना की तरह बृहस्पतिवार रात वातानुकूलित बेडरूम में गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक बिजली गुल होने पर एक नागरिक जायजा लेने बालकनी में गया।

सामने वाले ब्लॉक के सातवें तल पर हल्की सी रोशनी में कुछ लोगों को सीढ़ियां चढ़ते देखा। मामला संदिग्ध नजर आने पर नागरिक ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो क्लिप बनाई और पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर दिया।

सीओ गाजीपुर दिनेश पुरी ने बताया कि अपार्टमेंट में रहने वाले एक व्यक्ति ने मोबाइल की रोशनी में छह संदिग्ध व्यक्तियों को सातवें तल पर सीढ़ियां चढ़ते देख वीडियो क्लिप बनाई। अपनी बालकनी के कोने में चुपचाप खड़े रहकर जायजा लिया। फ्लैट का कुंडा तोड़े जाने की आवाज पर उसने न सिर्फ पुलिस को कॉल की, बल्कि इंस्पेक्टर गुडंबा के सीयूजी नंबर पर वॉट्सएप से क्लिप भेजकर उन्हें मामले की गंभीरता बताई।

नागरिक की जागरूकता व सूझबूझ के चलते पुलिस टीम ने आठवें तल पर मुठभेड़ में दिल्ली के टेम्पो चालक गैंग के छह बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें