लखनऊ। उद्योगों और व्यावसायिक क्षेत्रों में पीएनजी की बढ़ती मांग के बीच ग्रीन गैस लिमिटेड ने गैस की कीमतें बढ़ा दी हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे माल की बढ़ती लागत के कारण औद्योगिक इस्तेमाल वाली गैस के दाम में 10.50 रुपये और होटल-रेस्टोरेंट जैसे व्यावसायिक क्षेत्रों के लिए 12 रुपये प्रति एससीएम की बढ़ोतरी की गई है। राहत की बात यह है कि घरेलू रसोई गैस (पीएनजी) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ग्रीन गैस लिमिटेड के एजीएम (मार्केटिंग) प्रवीण सिंह ने बताया कि नई दरें 16 मार्च से लागू कर दी गई हैं। औद्योगिक क्षेत्र में पीएनजी की दर पहले 70.50 रुपये प्रति एससीएम, जो अब 81 रुपये हो गई है। वहीं, व्यावसायिक क्षेत्र के लिए कीमत पहले 75.50 रुपये प्रति एससीएम थी। यह अब 87.50 रुपये हो गई है।
घरेलू कनेक्शनों की बढ़ती मांग
पीएनजी के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। एजीएम ने बताया कि घरेलू कनेक्शन के लिए प्रतिदिन 125 से 150 नए पंजीकरण हो रहे हैं। फिलहाल विभाग उन्हीं क्षेत्रों में नए कनेक्शन दे रहा है, जहां पाइपलाइन पहले से बिछी हुई है।
उद्यमियों और कारोबारियों का मिल रहा साथ
सरकार के नए दिशा-निर्देशों के बाद उद्यमियों और व्यापारियों ने पीएनजी अपनाने में गहरी रुचि दिखाई है। हाल ही में हुई बैठक में कारोबारियों ने पीएनजी के उपयोग पर अपनी सहमति दी है। वर्तमान में जहां-जहां पाइपलाइन नेटवर्क उपलब्ध है, वहां अस्पतालों, होटलों और औद्योगिक इकाइयों को प्राथमिकता पर कनेक्शन दिए जा रहे हैं।