किराएदारों को अब 1300 रुपये में मिलेगा नया पीएनजी कनेक्शन
पीएनजी की पहुंच बढ़ाने के लिए अब क्षेत्रवार लगेंगे कनेक्शन शिविर
लखनऊ। घर-घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की पहुंच बढ़ाने के लिए अब सप्लाई से जुड़ी ग्रीन गैस कंपनी क्षेत्रवार 15-15 दिन के कनेक्शन शिविर लगाएगी। इसके साथ ही किराए पर रहने वालों को नया पीएनजी कनेक्शन लेने को अब छह हजार की धरोहर राशि भी जमा नहीं करानी पड़ेगी। अब मात्र 13 सौ रुपये जमा कर नया कनेक्शन ले सकेंगे। इसमें से एक हजार की राशि बतौर धरोहर होगी। ऐसे कनेक्शनधारियों से इसके बाद हर दो माह में 500 रुपये शुल्क दस किश्तों में लिया जाएगा। इससे नया कनेक्शन लेने में एकमुश्त पड़ने वाला भार कम हो जाएगा। यह जानकारी जीजीएल के प्रबंध निदेशक संजीव मेधी व निदेशक मार्केटिंग बीए रेड्डी ने दी।
उन्होंने बताया कि किराएदारों के लिए नए कनेक्शन की यह स्कीम बहुमंजिला भवनों में अधिकांश किराए पर रहने वालों को देखते हुए शुरू की गई है। नियमानुसार नया पीएनजी कनेक्शन लेेने के लिए आवेदक को 6500 रुपये जमा कराने होते हैं। इसमें छह हजार धरोहर राशि होती है। वर्तमान में राजधानी के आशियाना, कानपुर रोड, वृंदावन, साउथ सिटी, गोमती नगर, इंदिरा नगर सहित अन्य इलाकों में आठ हजार पीएनजी कनेक्शनधारी हैं। इनकी संख्या को वित्तीय वर्ष के अंत तक 25 हजार तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
स्मार्ट सिटी योजना में नहीं मिल रही जगह
स्मार्ट सिटी के तहत ग्रीन गैस ने कैसरबाग में पीएनजी पाइप लाइन बिछाने के लिए दो स्तरों पर सर्वे पूरा कर सीनएजी पंप व पीएनजी सप्लाई लाइन बिछाने को पूरा रोड मैप तैयार कर नगर निगम को सौंप दिया है। इसके बावजूद कंपनी को अभी तक नया पंप लगाने के लिए जगह आवंटित नहीं हो सकी है। इतना ही नहीं कैसरबाग क्षेत्र में संकरे इलाकों के कारण भी सप्लाई लाइन बिछाने के लिए रोड सर्वे कार्य तक नहीं हो पा रहा है। प्रबंध निदेशक ने बताया कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक जीजीएल द्वारा इंदिरा नगर, न्यू हैदराबाद, जॉपलिंग रोड, राणा प्रताप मार्ग, बटलर पैलेस कॉलोनी, डॉलीबाग सहित कई अन्य इलाकों में छह सौ किलोमीटर की पीएनजी सप्लाई लाइन बिछाने का कार्य पूरा कराया जाएगा।