प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वयोवृद्ध भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को फोन पर उनके 88वें जन्मदिन की बधाई दी और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।
मोदी ने ट्वीट किया कि कल्याण सिंह से फोन पर बात की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उनका जीवन जन कल्याण और गरीबों को सशक्त करने के लिए समर्पित रहा। उत्तर प्रदेश के कायाकल्प की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए उनकी प्रशंसा की जाती है। मैं उनके दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं। उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता रहे कल्याण सिंह राजस्थान के राज्यपाल भी रह चुके हैं।
वहीं, लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह को उनके घर में जाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। सुबह से ही कल्याण सिंह के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।