अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को लखनऊवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में रमाबाई या स्मृति उपवन में अनुलोम और विलोम करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मंडलायुक्त अनिल गर्ग की अगुवाई में गठित सर्च कमेटी ने बृहस्पतिवार को प्रस्तावित दोनों स्थलों का निरीक्षण किया है।
अब पीएमओ की सहमति के बाद आयोजन स्थल को हरी झंडी मिलेगी। निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त ने सर्च टीम में शामिल एलडीए सचिव अरुण कुमार को प्रस्तावित दोनों आयोजन स्थलों का अलग-अलग ले-आउट तैयार कर 24 घंटे में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं ताकि इसे अंतिम अनुमोदन के लिए शासन को भेजा जा सके।
मंडलायुक्त ने कहा कि दोनों प्रस्तावित आयोजन स्थल का ले-आउट तैयार करते समय इस बात का उल्लेख किया जाए कि दोनों स्थलों पर किस तरह की व्यवस्थाएं और कमियां मौजूद हैं।
आयोजन में 50 से 60 हजार प्रतिभागियों की हिस्सेदारी होगी, जिसे ध्यान में रखते हुए ले-आउट में वाहनों की पार्किंग, पेयजल, शौचालय, यातायात व पीएम के आगमन के दृष्टिगत सुरक्षा के इंतजाम का भी प्राथमिकता से उल्लेख करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक विभाग जुटा तैयारी में
योग दिवस कार्यक्रम के लिए मंडल आयुक्त अनिल गर्ग स्थलीय निरीक्षण करते हुए
- फोटो : amar ujala
सर्च टीम में शामिल प्रभारी डीएम व सीडीओ प्रशांत शर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक प्रवीण कुमार, अपर आयुक्त प्रशासन सुधा वर्मा, सचिव एलडीए अरुण कुमार, एडीएम पूर्वी वीरेंद्र पांडेय व एसीएम तृतीय नीता यादव सहित नगर निगम, लेसा, जलसंस्थान, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को प्रस्तावित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सेदारी करेंगे। सीएम योगी के अनुरोध पर प्रधानमंत्री कार्यालय पहले ही प्रधानमंत्री के समारोह में शामिल होने पर सहमति जता चुका है।
पीएम के आगमन की जानकारी पुख्ता होते ही प्रशासनिक अमला भी इसकी तैयारियों में अभी से जुट गया है। कार्यक्रम में राज्यपाल, सीएम, दो डिप्टी सीएम व योगी कैबिनेट के मंत्री सहित 50 से 60 हजार लोगों के हिस्सेदारी करने के कारण वाहन पार्किंग से लेकर पीएम सहित अन्य वीवीआईपी के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए बृहस्पतिवार को प्रभारी डीएम ने राजधानी में संचालित सभी प्रमुख स्कूल और कॉलेजों के प्रबंधकों व प्राचार्यों के साथ बैठक कर तैयारियों को समय रहते पूरा करने के भी निर्देश दिए हैं।