लखनऊ। एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रधानमंत्री ने एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से संवाद किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित किया।
विज्ञापन
झारखंड की रहने वाली संजना पुनर्वास विवि में बीबीए की छात्रा हैं। उन्होंने जापान के आइची-नागोया में 18 से 24 अक्तूबर तक आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स में महिला एकल एसएल-3 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। उनकी इस उपलब्धि पर विवि के कुलपति आचार्य संजय सिंह ने फोन कर बधाई दी। कहा, लौटने पर विवि में संजना का स्वागत और सम्मान किया जाएगा। संजना इससे पहले वर्ष 2021 में बहरीन में आयोजित एशियन यूथ पैरा गेम्स में तीन स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वहीं, अप्रैल 2026 में चेक पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया था।