ध्वजारोहण समारोह में अयोध्या आ रहे प्रधानमंत्री मोदी।
- फोटो : अमर उजाला।
पीएम नरेंद्र मोदी के ध्वजारोहण कार्यक्रम से पहले शुक्रवार को एसपीजी की टीम भी अयोध्या पहुंच गई। टीम ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। वीआईपी मूवमेंट रूट की जानकारी हासिल की। एसपीजी की टीम ने सुरक्षा की हर परत को खंगाला।
ध्वजारोहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत संघ प्रमुख मोहन भागवत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मौजूद रहेंगी। समारोह में छह हजार से अधिक मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। उद्योगपति मुकेश अंबानी को भी आमंत्रण भेजा गया है। ऐसे में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा के लिए 250 सिपाहियों का स्पेशल दस्ता बुलाया गया है। इस दस्ते में बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर व अंबेडकरनगर के कार्य व व्यवहार में कुशल, प्रशिक्षित सिपाही शामिल हैं।
ये जवान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के सभी महत्वपूर्ण पॉइंट्स पर तैनात रहेंगे। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने ब्रीफिंग के दौरान जवानों को वीवीआईपी रूट, एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स व लोक व्यवहार का प्रशिक्षण दिया। सुरक्षा के समन्वय, भीड़ नियंत्रण और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए विस्तृत दिशानिर्देश दिए गए।
डीएम निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को सकुशल कराए जाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में डीएम ने विभागीय अधिकारियों के लिए निर्धारित किए गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी तैयारी व व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूरी गुणवत्ता व त्रुटिरहित ढंग से की जाएं।
उन्होंने कहा कि ध्वजारोहण कार्यक्रम में विशिष्ट मेहमानों के आगमन के लिए निर्धारित किए गए रूट का सभी संबंधित विभाग के अफसर निरीक्षण करते हुए तैयारियों को पूरा कराएं। इन रूट पर अतिथियों के स्वागत के लिए बनाए गए सांस्कृतिक मंचों की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। मीडिया के लिए सभी समुचित व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें।
जिला सूचना अधिकारी संतोष द्विवेदी ने बताया कि मीडिया के लिए अस्थायी मीडिया सेंटर की स्थापना नगर निगम की हनुमान गुफा पार्किंग पर की जा रही है। मीडिया के वाहन के पार्किंग की व्यवस्था स्फटिक शिला पर है। एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर ने यातायात, रूट डायवर्जन व सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन, सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह व मंदिर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।