लखनऊ। आईआईएम रोड और सीतापुर रोड से लगी नैमिष नगर आवासीय योजना को एलडीए सितंबर में लॉन्च करेगा। प्राधिकरण ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। पहले चरण में योजना के दो सेक्टरों में भूखंडों के आवंटन के लिए पंजीकरण खोले जाएंगे। यहां जमीन की कीमत करीब तीन हजार रुपये प्रति वर्गफीट होगी जो एलडीए की अन्य आवासीय योजनाओं की तुलना में काफी कम होगी।
योजना 18 गांवों की 1486 हेक्टेयर जमीन पर लाई जा रही है। एलडीए अब तक इनमें से 150 हेक्टेयर भूमि का बैनामा कर चुका है और 430 हेक्टेयर के बैनामे के लिए किसानों ने सहमति पत्र भी जमा कर दिए हैं। इसी तरह करीब 580 हेक्टेयर जमीन एलडीए को मिल गई है और अब आधी से कुछ ज्यादा जमीन के लिए ही किसानों से सहमति के आधार पर जमीन लेनी है।
योजना में ग्राम-भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर शामिल हैं। योजना विकसित करने के साथ एलडीए इन गांवों के उन इलाकों में भी विकास कार्य कराएगा, जो आबादी में हैं और जिनकी जमीन को छोड़ा जाएगा। यहां संपर्क मार्ग, जल निकासी, मैदान, बरात घर, स्वास्थ्य केंद्र, तालाब, स्कूल, पार्क व श्मशान आदि के काम कराए जाएंगे।
योजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि यहां जमीन खरीदने और विकास कार्य कराने पर आ रहे खर्च का जो आकलन है, उसमें कीमत तीन हजार रुपये वर्गफीट से नीचे ही रहेगी। ऐसे में उन लोगों के लिए अच्छा अवसर रहेगा, जो पुरानी योजनाओं की महंगी जमीन नहीं खरीद पा रहे हैं।
ग्रीन कॉरिडोर का किया जाएगा विस्तार
एलडीए के संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि योजना से आवागमन को आसान करने के लिए ग्रीन कॉरिडोर का विस्तार किया जाएगा, जिसकी मंजूरी भी हो गई है। विस्तार के बाद ग्रीन कॉरिडोर इस योजना से सीधे जुड़ जाएगा, जिससे लाखों लोगों का आना-जाना आसान हो जाएगा। इसमें तीन किमी बंधा और करीब सात किमी लंबी रोड बनेगी। ग्रीन कॉरिडोर से जुड़ने से नैमिष नगर से किसान पथ तक आनाजाना भी आसान हो जाएगा।
00000
नैमिष नगर योजना को सिंतबर में लॉन्च करने की तैयारी चल रही है। पहले दो सेक्टरों में पंजीकरण खोला जाएगा। योजना में किफायती कीमत पर जमीन मिल जाएगी।
- प्रथमेश कुमार, वीसी, एलडीए