लखनऊ। आशियाना स्थित लोकबंधु अस्पताल के ब्लड बैंक से प्लेटलेट्स भी मिल सकेंगी। अभी तक संस्थान में जरूरतमंदों को खून मिल जाता था, लेकिन सिंगल डोनर प्लेटलेट (एसडीपी) एफेरेसिस की सुविधा न होने से प्लेटलेट नहीं मिल पाती थी। अब इसकी शुरुआत कर दी गई है।
अस्पताल की निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय रक्तदान दिवस के मौके पर इस सुविधा की शुरुआत की गई है। अभी तक जरूरतमंदों को दूसरे ब्लड बैक भेजा जाता था। इस मौके पर संस्थान में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। इसमें 16 रक्तदाताओं ने पंजीकरण कराया और छह ने रक्तदान किया। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर हुए कार्यक्रम में चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव दीक्षित, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी और ब्लड बैंक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
समझें क्या है एसडीपी
एसडीपी खून से प्लेटलेट निकालने की प्रक्रिया है। इसमें रक्तदाता के शरीर से खून निकाला जाता है और सेल सेपरेटर मशीन से प्लेटलेट्स अलग करके खून वापस उसे चढ़ा दिया जाता है। डेंगू या फिर अन्य मामलों में रोगी के शरीर में जरूरत पड़ने पर इस तरह से अलग की हुईं प्लेटलेट्स चढ़ाई जाती हैं। प्लेटलेट्स का मुख्य काम खून का थक्का बनाना और रक्तस्राव रोकना होता है।