बसपा में जारी अंतर्कलह को लेकर उठे सवाल पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष पीएल पुनिया ने कहा कि मायावती द्वारा रुपये लेने का मामला कोई नया नहीं है। ऐसी बातें हमेशा उठती रही हैं। जो आज बसपा छोड़ने के बाद आरोप लगा रहे हैं, वही कभी लोगों को फांस कर मायावती तक रुपये पहुंचाने का काम करते थे।
पीएल पुनिया यहां अनुसूचित जाति-जनजाति से जुड़े मामलों की समीक्षा करने आए थे। बैठक समाप्त होने के बाद जीडीए सभागार में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बसपा का गंदगी का घड़ा भर गया है. जिसके फूटने से गंदगी अब बाहर आ रही है। राजनीति से इस गंदगी का सफाया होना चाहिए।
सीमा पर बिगड़े हालात पर उन्होंने कहा कि पाक की ओर से भारत की 40 चौकियों पर लगातार हो रही फायरिंग के लिए एनडीए की विदेश नीति जिम्मेदार है। कहा कि बातों की बजाय बुलेट से पाक को सबक सिखाने का दावा कर सरकार में आने वाली एनडीए की कथनी करनी में फर्क है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में 20 से ज्यादा जवान अब तक शहीद हो चुके हैं। सरकार को कठोरता से जवाब देना चाहिए। आस्था एवं धर्म को व्यक्तिगत बताते हुए उन्होंने हिंदूवादी संगठनों के घर वापसी अभियान को गलत ठहराया।