लखनऊ। वेज खाने में मांस का टुकड़ा मिलने पर गोमतीनगर के फूड वैली स्थित हाउस ऑफ रॉयल्स रेस्टोरेंट में शुक्रवार रात जमकर हंगामा हुआ। प्रयागराज के कारोबारी हेमंत कुमार सिंह ने रेस्टोरेंट प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
हेमंत कुमार सिंह का कहना है कि शुक्रवार रात में वह साथियों के साथ खाना खाने गए थे। हाउस ऑफ रॉयल्स रेस्टोरेंट में उन्होंने 14 वेज थाली मंगवाई थी। थाली आने के बाद सभी भोजन करने लगे। इस दौरान एक थाली में मांस का टुकड़ा मिला। इससे नाराज होकर साथी हंगामा करने लगे। विवाद बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सभी लोग शाकाहारी थे। थाली में मांस का टुकड़ा देखकर कई लोग उल्टी करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर कर्मचारी उल्टा हेमंत और उनके साथियों को धमकाने लगे। इसके बाद विवाद शुरू हो गया। पुलिस ने किसी तरह नाराज लोगों को शांत कराया। इंस्पेक्टर के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साक्ष्य संकलन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।