लखनऊ। प्रदेश के युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने, उसके संचालन और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए फिजिक्स वाला आगे आया है। वह यूपी में एंटरप्रेन्योरशिप कोर्स शुरू करेगा। इसके लिए मंगलवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के साथ एमओयू होगा। यह घोषणा विश्वविद्यालय में आयोजित यूपी स्टार्टअप संवाद 3.0 के दौरान होगी।
एकेटीयू के इनोवेशन हब फाउंडेशन की ओर से आठ सितंबर को संवाद के तीसरे संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय सभागार में सुबह 11 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। कार्यक्रम में इनोवेशन फॉर सोशल गुड एंड बेटर भारत पहल की शुरुआत भी होगी।
इंवेस्ट यूपी, भारत केयर्स, सांची कनेक्ट, टैली सॉल्यूशन और रैपिडर क्लाउड सॉल्यूशन के साथ भी एमओयू किए जाएंगे। राज्यपाल कलाम पेटेंट सेंटर का लोकार्पण, स्टूडेंट एंड फैकल्टी इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप पॉलिसी-2026 का विमोचन और इनोवेशन हब यूपी पोर्टल का अनावरण करेंगी। यूपी इन्वेस्टर्स नेटवर्क की घोषणा और एकेटीयू इन्क्यूबेटर अवार्ड-2026 भी दिया जाएगा।
प्रदेश के 38 इनक्यूबेशन सेंटर में से आठ को सम्मानित किया जाएगा। इनका 18 मानकों पर मूल्यांकन कराया गया था। स्टार्टअप और इनक्यूबेशन सेंटर की प्रदर्शनी और स्टार्टअप इंड इन्क्यूबेटर एक्सपो भी होगा। सोमवार को 100 से अधिक स्टार्टअप ने 15 निवेशकों के सामने प्रस्तुति दी। निवेशकों ने कुलपति प्रो. जेपी पांडेय से भी मुलाकात की।