लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग में आगामी राष्ट्रीय संगोष्ठी- आरएएमएसटी-2025 के पोस्टर का औपचारिक विमोचन सोमवार को किया गया। यह संगोष्ठी आगामी छह दिसंबर को आयोजित की जाएगी।
संगोष्ठी का उद्देश्य देशभर के वैज्ञानिकों, प्राध्यापकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे मटेरियल साइंस और उससे जुड़े उभरते अनुसंधान क्षेत्रों पर विचार-विमर्श कर सकें। इसके प्रमुख विषयों में बायोसिरेमिक्स, नैनो कम्पोजिट सामग्री, स्मार्ट मटेरियल्स, ग्लास एवं सिरेमिक्स, सेंसर व एक्ट्यूएटर्स, संघनित पदार्थ भौतिकी और प्लाज्मा अध्ययन शामिल हैं।
इस माैके पर कुलपति प्रो. मनुका खन्ना ने युवा शोधार्थियों से सक्रिय रूप से संगोष्ठी में भाग लेने और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने का आह्वान किया। संगोष्ठी के लिए शोधार्थियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।