लखनऊ। गुडंबा में एक युवती ने अपने रिश्तेदार पर 11 वर्ष तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपी अब किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के मुताबिक सीतापुर के परसादीपुर निवासी युवक उसके मामा का बेटा है। वर्ष 2014 में वह अपने मामा के घर गई थी, जहां वह कुछ दिन रुकी थी, तभी उसकी मुलाकात मामा के बेटे से हुई। पीड़िता के मुताबिक उस समय वह नाबालिग थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे शादी का वादा कर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी हर बार शादी की बात करने पर टाल देता था। ऐसे करीब 11 वर्ष बीत गए।
पीड़िता को पता चला कि आरोपी किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। पूछने पर आरोपी ने शादी की बात से इन्कार कर दिया। 13 अगस्त 2025 को आरोपी ने उसे रघुवर पैलेस होटल बुलाकर उससे जबरन संबंध बनाए। पीड़िता के मुताबिक छह नवंबर 2025 को वह आरोपी के घर पहुंची तो उसके पिता ने शादी से साफ मना कर दिया। इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।