इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) जनवरी सत्र से पीएचडी कराएगा। सात साल से यहां पीएचडी कराने पर लगी रोक को मानव संसाधन विकास मंत्रालय के हस्तक्षेप पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने हटा लिया है।
शुक्रवार को इग्नू के उत्तरी क्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशकों की बैठक का उद्घाटन करने लखनऊ पहुंचे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवींद्र कुमार ने बताया कि गत 24 अगस्त को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि इग्नू फिर से पीएचडी व एमफिल कोर्स शुरू कर सकता है।
पीएचडी के आवेदन जनवरी सत्र से लिए जाएंगे। फिलहाल विश्वविद्यालय 44 विषयों में पीएचडी कराएगा। अभ्यर्थी को विश्वविद्यालय के शिक्षकों में से ही गाइड नियुक्त किए जाएंगे।