पीजीआई के इंजीनियर एके सिंह ने मंगलवार दोपहर प्रचार वाहन के ड्राइवर सत्य प्रकाश सिंह की थाने में पिटाई के बाद कान पकड़कर उससे उठक-बैठक कराई। मामूली टक्कर से भड़के इंजीनियर का इतने से भी मन नहीं भरा।
उन्होंने प्रचार करने वाली कंपनी के अधिकारियों को थाने बुलवाकर माफी मंगवाई। करीब दो घंटे थाने में इंजीनियर दबंगई करता रहा और पुलिस मूकदर्शक बनकर खड़ी रही।
माफी मांगने के बाद इंजीनियर ने ड्राइवर सत्य प्रकाश सिंह और प्रचार वाहन को थाने से जाने की इजाजत दी। इस मामले में एसओ विनोद यादव ने मामले की जानकारी से ही इन्कार कर दिया है।
हादसा पीजीआई के पास दोपहर करीब एक बजे हुआ था। इंजीनियर अपनी कार से जा रहे थे तभी पीछे से आ रहे एक बाइक शोरूम के प्रचार वाहन ने मामूली टक्कर मार दी। इंजीनियर कार से उतरे और प्रचार वाहन के ड्राइवर को खींचकर उतार लिया।
ड्राइवर का कहना है कि पहले इंजीनियर ने सड़क पर गाली-गलौज कर पीटा। ड्राइवर ने माफी मांगते हुए कहा कि कार में हल्की खरोंच आई है और वह मरम्मत का खर्च देने को तैयार है। इससे इंजीनियर का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया और वह उसे पकड़कर थाना ले गए।